उन्नाव, समृद्धि न्यूज। बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में बीते दिन हुई लाखों की चोरी के मामले में पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने क्षेत्र में गश्त में लापरवाही बरतने को लेकर दो सिपाहियों को निलंबित किया है।
ज्ञात हो कि संडीला रोड स्थित आरएस चौराहे पर एक ही रात में आठ दुकानों के शटर तोड़कर लाखों रुपये का सामान की चोरी हो गई थी । घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों ने पुलिस व्यवस्था पर लापरवाही का आरोप लगाया था।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने सीओ बांगरमऊ संतोष सिंह को जांच सौंपी थी। सीओ की जांच रिपोर्ट में सामने आया कि चोरी की वारदात के समय पुलिस गश्त लापरवाही बरती गई और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी अपनी जिम्मेदारी निभाने में असफल रहे। जिससे एसपी दीपक भूकर ने बांगरमऊ कोतवाली में तैनात दो सिपाहियों, कमल और अभिषेक, को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
एसपी ने कहा कि कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है, तो संबंधित के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी थानों और चौकियों के प्रभारियों को भी निर्देश दिए हैं कि थाना क्षेत्र में गश्त में के दौरान कोई भी लापरवाही न बरती जाए और बाजारों व चौराहों पर निगरानी बढ़ाई जाए।
चोरी हुई दुकानों में मेडिकल स्टोर, इलेक्ट्रॉनिक, बेकरी और सैलून शामिल थे, जिससे व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ । पुलिस की त्वरित कार्रवाई और लापरवाह सिपाहियों के निलंबन के बाद व्यापारियों ने खुशी जताई है।
