कर्बला की पुरानी इमारत की धन्नियों में फिर भडक़ी चिंगारी

भारी पुलिस फोर्स तनात, जर्जर ढांचा जेसीबी से गिराया गया
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। शिया समुदाय की कर्बला में आगजनी और तोडफ़ोड़ की घटना के बाद शुक्रवार सुबह फिर आग भडक़ गई। पुरानी इमारत की धन्नियों में आग लगने से दमकल को बुलाना पड़ा। जुम्मे की नमाज़ को लेकर पुलिस अलर्ट मोड पर रही और ड्रोन से निगरानी की गई। प्रशासन ने जर्जर इमारत गिराने के निर्देश दिये। जिस पर जेसीबी लगाकर गिराने का काम शुरु कर दिया गया है।
मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के चिलसरा रोड स्थित शिया समुदाय की पवित्र कर्बला/दरगाह मौला अली नजफ़़ उल अशरफ में बुधवार देर रात अज्ञात शरारती तत्वों ने ताजियों में आग लगा दी थी और हफीज व हाजी नामक दो कब्रों में तोडफ़ोड़ की थी। आग से ताजिए, अलम और अन्य धार्मिक सामग्री जलकर राख हो गई थी। गुरुवार सुबह दरगाह के देखरेखकर्ता साबिर अली ने ताला खोलकर आग के निशान देखे और पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी थी। पुलिस और दमकल टीम मौके पर पहुंची थीं, जबकि पुलिस अधीक्षक डॉ0 आरती सिंह समेत प्रशासनिक अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे थे। इस घटना के बाद शुक्रवार सुबह काशीराम कॉलोनी चौकी इंचार्ज राघवेंद्र सिंह कर्बला परिसर का जायजा ले रहे थे। उन्होंने देखा कि पुरानी इमारत के लिंटर और धन्नियों से फिर आग निकल रही है। सूचना पर थाना प्रभारी अजब सिंह, एसएसआई वीरेंद्र सिंह, एसआई अरविंद सिंह और एसआई अजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। दमकल विभाग की गाडिय़ां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया गया। तहसीलदार सनी कनौजिया को स्थिति की जानकारी दी गई। आग बार-बार भडक़ने की वजह पुरानी लकड़ी और अंदर तक पानी न पहुंच पाना बताया गया। जुमे की नमाज़ को देखते हुए इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई। भारी पुलिस बल तैनात किया गया और ड्रोन कैमरे से संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी की गई। मौके पर डीएम आशुतोष कुमार द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार, सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय, शहर कोतवाली प्रभारी दर्शन सोनकी समेत भारी पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम मौजूद रही। कर्बला सेक्रेटरी शारिफ हुसैन रिज़वी ने कहा कि पुरानी इमारत के अंदर आग पूरी तरह बुझ नहीं पा रही है और हवा लगने से चिंगारी दोबारा आग पकड़ लेती है। इसलिए तहसीलदार से जेसीबी बुलाकर जर्जर इमारत गिराने की मांग की गई है। उन्होंने बताया कि आग से परिसर में कालापन आ गया है। रंगाई-पुताई शुरू करा दी गई है और दो क्षतिग्रस्त कमरों की मरम्मत कराई जाएगी। सेक्रेटरी ने यह भी बताया कि करीब 5-6 महीने पहले भी कर्बला परिसर से सीसीटीवी कैमरे, एलसीडी और चांदी के अलम चोरी हुए थे, जिनका मुकदमा दर्ज है। तहसीलदार सनी कनौजिया ने बताया कि जेसीबी मंगाकर पुरानी इमारत ध्वस्त कराने का कार्य शुरु कर दिया गया है। थाना प्रभारी अजब सिंह ने बताया मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने कहा कि घटना की जांच के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *