फर्रुखाबाद/नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। तेज रफ्तार कार ने टेंपो में जोरदार टक्कर मार दी। जिससे उसमें बैठी वृद्धा की मौत हो गयी, जबकि चालक सहित पांच लोग गंभीर रुप से घायल हो गये। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं चालक कार को छोडक़र फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की और को अपने कब्जे में ले लिया।
जानकारी के अनुसार थाना मऊदरवाजा के ग्राम रसीदपुर निवासी सोनू पुत्र रामसेवक जो टेंपा चलाता है। मंगलवार को सोनू अपने टेंपो संख्या यूपी 76टी/4182 में सवारियों को भरकर हथियापुर की तरफ जा रहा था। जैसे ही टेंपो गुमटी नगला के पास पहुंचा, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कार संख्या नंबर यूपी 30आर/45 57 के चालक ने जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज हुई की दूर तक आवाज सुनाई दी। मौके पर ग्रामीण पहुंच गये। क्षतिग्रस्त टेंपो फंसे घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सक ने एक वृद्धा को मृत घोषित कर दिया।
मार्ग दुर्घटना में टेंपो चालक सोनू एवं कोतवाली कायमगंज के ग्राम पपड़ी निवासी निजाकत पुत्र हारिफ खान, जनपद मैनपुरी निवासी हरिओम पुत्र महेश, सुल्तानगंज निवासी विजेंद्र की पत्नी विनीता, सिकंदरपुर निवासी महिपाल की 23 वर्षीय पुत्री श्वेता घायल हो गई।
सूचना पर बीबीगंज चौकी इंचार्ज नितिन यादव, उप निरीक्षक अक्षय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गये। इस दौरान चालक कार छोडक़र फरार हो गया।
पुलिस ने कार को अपने कब्जे में लेकर जांच पड़ताल की। वहीं चिकित्सक ने गंभीर घायलों को लोहिया रेफर कर दिया। पुलिस ने बताया कि कार पर जिला प्रभारी राजपूत करणी सेना लिखा है। मृतक वृद्धा की शिनाख्त नहीं हो सकी है, शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है।
तेज रफ्तार कार ने टेंपो में मारी टक्कर, वृद्धा की मौत, कई घायल
