
*कांग्रेस छोड़ श्रीकृष्ण गौतम ने थामा केसरिया, हरिओम वाल्मीकि भी शामिल
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के समक्ष वरिष्ठ सपा नेता एवं नगर पालिका सदर के चुनाव प्रभारी महेंद्र सिंह कटियार ने समर्थकों व परिवार समेत केसरिया परचम थाम लिया और जयश्रीराम का उद्घोष लगाते हुए भाजपा को जिताने की अपील की। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी रुपेश गुप्ता की मां सुषमा गुप्ता के पक्ष में जनसभा करने आये डिप्टी सीएम के कार्यक्रम में पहुंचकर भाजपा में शामिल होने की घोषणा की। डिप्टी सीएम ने उनका स्वागत किया। इसके साथ ही अभी हाल ही में कांग्रेस व बसपा में बड़े दायित्वों का निर्वाह करने वाले श्रीकृष्ण गौतम ने भी भाजपा में शामिल होने की घोषणा की। सफाईकर्मी नेता हरिओम वाल्मीकि भी डिप्टी सीएम के सामने भाजपा में शामिल हुए। महेंद्र कटियार ने कहा कि उन्होंने सपा और बसपा में पूरी निष्ठा के साथ काम किया, लेकिन वहां पर कार्यकर्ता का मान सम्मान नहीं है और उन्हें सिर्फ गुलामों की तरह उपयोग मात्र किया जाता है। इस कारण से वह अपने छोटे भाई पूर्व ब्लाक प्रमुख अखिलेश कटियार, अधिवक्ता भाई मंजेश कटियार, पूर्व सभासद माधुरी कटियार, कुलदीप कटियार, गुरदीप कटियार के साथ भाजपा में शामिल हुए।
