प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को जबलपुर में रोड शो किया। इस दौरान गोरखपुर क्षेत्र में बनाए गए दो मंच टूट गए, जिससे मंच पर मौजूद लोग नीचे गिर पड़े। इस हादसे में लोगों के साथ कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। हालांकि किसी को गंभीर चोट नहीं आई। दरअसल, पीएम मोदी की झलक पाने के लिए क्षमता से ज्यादा लोग मंच पर चढ़ गए। हालांकि पुलिस उन्हें समझाने में जुटी रही। लेकिन लोग जबरदस्ती मंच पर चढ़ते रहे और उसके बाद यह हादसा हो गया। प्रधानमंत्री मोदी के रोड-शो के दौरान सड़क पर पार्टी कार्यकर्ताओं और लोगों का जन सैलाब उमड़ आया। इस दौरान पीएम मोदी और पार्टी के फोटो बैनर थामे लोग ‘अब की बार 400 के पार’ तथा ‘जय श्री राम’ के नारे लगा रहे थे। वहीं, प्रधानमंत्री मोदी हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन कर रहे थे।
बीजेपी ने लोकसभा चुनाव को लेकर मध्यप्रदेश में प्रचार अभियान तेज कर दिया है। इसी के तहत पार्टी के स्टार प्रचारक और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को जबलपुर में एक किलोमीटर से भी ज्यादा लंबा रोड शो किया।
जबलपुर में पीएम मोदी के रोड-शो में टूटा मंच
