Headlines

राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ने महिलाओं की सुनी शिकायतें

बीएसए को लगायी कड़ी फटकार
नाराजगी व्यक्त कर सीओ को एफआईआर दर्ज करने के दिये निर्देश
लोहिया अस्पताल व जिला कारागार का किया निरीक्षण
रास्ते में घायल पड़े बुजुर्ग को भिजवाया अस्पताल
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। विकास भवन सभागार फतेहगढ़ में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ0 बबीता सिंह चौहान एवं सदस्य सुनीता सैनी के द्वारा समीक्षा बैठक कर अधिकारियों से उनके विभाग द्वारा चलाई जा रहीं योजनाओं की समीक्षा के साथ ही जानकारी प्राप्त की तथा 15 पीडि़ताओ की जनसुनवाई की। जिसमें घरेलू हिंसा, दहेज हत्या, पॉक्सो, जमीनी विवाद से संबन्धित प्रकरणों की जन सुनवाई कर सम्बंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया गया। एक प्रकरण में नाराजगी व्यक्त करते हुए सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय को तत्काल एफआईआर दर्ज कराने को कहा। मामला वर्ष १० दिसम्बर २०२३ कोतवाली फतेहगढ़ से संबंधित है। नौकरी लगवाने के नाम पर एक बैंक कर्मी ने पीडि़ता से जबरदस्ती बुरा काम कर वीडियो बना लिया और उसे धमकी दी कि तेरा वीडियो वायरल कर देगें। पीडि़ता कई बार थाने व चौकी गयी तो पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने की बजाय पैसा लेकर मामला रफा दफा करने का दबाव बनाया। पीडि़ता राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष के सामने रोने लगी। जिस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए तुरन्त कार्यवाही के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी शिकायत पेटिका लगवाये। महिलाओं हेतु वेडिंग मशीन भी उचित स्थानों पर अवश्य लगवाये। महिला अभ्यार्थी हेतु 14 दुकानों का लक्ष्य प्रोबेशन विभाग को मिला है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों व उनके द्वारा दिये जा रहे भोजन का औचक निरीक्षण किया। प्रथम शिकायत फर्रुखाबाद की एक महिला की थी। उसके दो बच्चे है, पति ने एक अन्य नाबालिक लडक़ी से शादी कर ली और उसे छोड़ दिया है। इस पर डा0 बबिता सिंह चौहान ने आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिये। वहीं एक वृद्ध महिला ने शिकायत की उसके बेटा-बहू भोजन नहीं देते है और प्रताडि़त करते है। वहीं एक बालिका ने शिकायत की उसके नाना ने उसके साथ छेड़छाड़ की। एक अन्य युवती ने शिकायत की कि उसके ताऊ ने उसका शारीरिक शोषण किया। एक अन्य महिला ने भी शारीरिक शोषण की शिकायत की। फतेहगढ़ निवासी एक महिला ने ठगी व अपहरण की शिकायत की। अमृतपुर निवासी एक महिला ने दहेज संंबंधित शिकायत की। कायमगंज निवासी महिला ने छेड़छाड़ संबंधी शिकायत की।
राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता सिंह चौहान ने सभी अधिकारियों को अपने-अपने विभाग की योजनाओं का अधिक से अधिक प्रचार प्रसार करने को कहा। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी गौतम प्रसाद से कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों के सम्बन्ध में प्राप्त शिकायतों एवं विद्यालयों की स्थिति में सुधार न होने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त कर कहा कि स्वयं निरीक्षण कर समस्त सुविधा पूर्ण कराएं। समाज कल्याण अधिकारी रेनू से कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह में फर्जी आवेदन करने वालों पर कार्यवाही करें। इसके पश्चात अध्यक्ष और सदस्य ने जिला प्रोबेशन अधिकारी अनिल चंद्र के साथ डॉ0 राम मनोहर लोहिया संयुक्त चिकित्सालय महिला का निरीक्षण किया। जिला कारागार फतेहगढ़ का निरीक्षण कर महिला बंदियों से मुलाकात कर उनका हालचाल लिया। महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ0 बबीता सिंह चौहान ने फर्रुखाबाद जाते समय मार्ग में किसी दुर्घटना में घायल हुए बुजुर्ग को तुरंत अपने पुलिस स्कार्ट वाहन से नजदीकी चिकित्सालय भेजकर त्वरित उपचार सुनिश्चित कराया। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी, तहसीलदार सदर, सीओ सिटी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी आदि उपस्थित रहे। एसडीओ प्रभारी हरिश्चन्द्र संतोष जनक जबाव नहीं दे सकें, जिस पर उन्हें फटकार लगाते हुए दो दिवस के अंदर अपनी रिपोर्ट देने को कहा। बैठक में संबंधित थानाध्यक्ष व संबंधित नगर पालिका ईओ व कई विभाग के अधिकारी उनुपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *