परीक्षा केंद्रों का थाना प्रभारी ने किया निरीक्षण, पुलिस बल को दिये निर्देश

नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। यू.पी. बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं बुधवार से शांतिपूर्ण ढंग से शुरू हो गईं। शासन की मंशा के अनुरूप नकल विहीन और पारदर्शी परीक्षा संपन्न कराने के लिए नवाबगंज क्षेत्र में पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। इसी क्रम में बुधवार को थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने भारी पुलिस बल के साथ क्षेत्र के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी ने केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता और प्रवेश द्वार पर हो रही चेकिंग का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता न हो। राजीव कुमार ने मुख्य रूप से मंझना स्थित सूर्य कुमारी इंटर कॉलेज, हरदुआ के श्री महिपाल शास्त्री इंटर कॉलेज और सिरोली के स्वामी दीनबंधु इंटर कॉलेज का दौरा किया। इसके अतिरिक्त नगर नवाबगंज में राजेंद्र सिंह इंटर कॉलेज और यशोदा देवी इंटर कॉलेज का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षक राजीव कुमार ने केंद्र पर तैनात पुलिस बल को दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्रों के आसपास किसी भी बाहरी व्यक्ति का जमावड़ा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया छात्रों को भयमुक्त वातावरण प्रदान करना और परीक्षा की शुचिता बनाए रखना हमारी प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान पुलिस बल की सक्रियता को देखकर केंद्रों के बाहर अनावश्यक भीड़ लगाने वाले लोगों में हडक़ंप की स्थिति रही। प्रशासन का दावा है कि सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संचालित हो रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *