फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। परिवारिक विवाद में ताई को गाली देने की शिकायत पर सोमवार रात गांव गंगोली में युवक की रिश्ते के ताऊ ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी। जिससे क्षेत्र में हडक़ंप मच गया। बीच-बचाव में युवक के पिता भी घायल हो गये। दोनों को घायलावस्था में लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सक ने युवक को मृत घोषित कर दिया। मृतक दो बहनों में अकेला भाई था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की और आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। वहीं एएसपी ने लोहिया अस्पताल में परिजनों से घटना की जानकारी ली।
जानकारी के मुताबिक, मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के गांव गंगोली निवासी कमलेश कनौजिया के बड़े भाई नलकूप विभाग के कर्मचारी अखिलेश फतेहगढ़ में नलकूप कॉलोनी में रहते हैं। सोमवार रात को पड़ोस में रहने वाले राजेश कनौजिया ने अखिलेश को फोन किया तो उनकी पत्नी रेनू ने कॉल रिसीव की। राजेश फोन पर गाली-गलौज करने लगा। इस पर रेनू ने अपने पति को जानकारी दी। अखिलेश ने अपने भाई कमलेश को फोन कर राजेश द्वारा गाली देने की शिकायत की। इसी के बाद कमलेश का पुत्र वैभव कनौजिया राजेश के घर शिकायत करने गया। वहां राजेश ने वैभव पर चाकू से पेट व गर्दन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इससे वह लहूलुहान होकर मौके पर गिर गया। इस दौरान बीच मचाव में कमलेश के चाकू लग गया। जिससे वह भी घायल हो गये। परिजन गंभीर हालत में वैभव को लेकर परिजन लोहिया अस्पताल पहुंचे। वहां डॉ0 प्रदीप राजपूत ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर गांव में थानाध्यक्ष अजब सिंह फोर्स के साथ घटनास्थल पहुंचे। आरोपी को तलाश कर हिरासत में ले लिया। उससे पूछताछ की जा रही है। एएसपी अरुण कुमार सिंह फोर्स के साथ लोहिया अस्पताल पहुंचे। उन्होंने परिजनों से घटना की जानकारी ली। वैभव दो बहनों शिवानी व मुस्कान के बीच अकेला भाई था।
छात्र की चाकू मारकर कर दी गई हत्या
