छात्र-छात्राओं को साइबर क्राइम के प्रति किया गया जागरुक

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। केएसआर इंटर कॉलेज कंपिल में पुलिस प्रशासन के द्वारा छात्र-छात्राओं को साइबर क्राइम के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। थानाध्यक्ष विश्वनाथ आर्य ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि साइबर क्राइम एक नए ढंग का अपराध है जो आधुनिक युग में बड़ी तेजी से बढ़ रहा है। इसमें फोन कॉल के द्वारा लालच देकर, भ्रमित कर एवं मनोवैज्ञानिक दबाव बनाकर लोगों को ठगी का शिकार बनाया जाता है। अत: फोन कॉल पर अपनी व्यक्तिगत कोई भी सूचना न दें। सब इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार ने कहा कि मोबाइल पर किसी के द्वारा ओटीपी या बैंक अकाउंट का नंबर इत्यादि मांगा जाए तो यह जानकारी न दें अन्यथा आप ठगी के शिकार हो सकते हैं। किसी भी प्रकार की ठगी का शिकार होने पर आप तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज करायें। प्रभारी प्रधानाचार्य प्रशांत कुमार मिश्र ने थानाध्यक्ष एवं उनकी टीम को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि साइबर क्राइम की दुनिया बहुत जटिल एवं विशाल बन चुकी है। सभी छात्र इन निर्देशों को ठीक से आत्मसात करें तथा अपने परिजनों और आस-पड़ोस के लोगों को भी इन तथ्यों से अवगत करायें। साथ ही साइबर अपराधों से सदैव सजग, चैतन्य एवं सावधान रहे। कार्यक्रम में पुलिस विभाग से संजय, अवधेश, योगेश, कुसुम तथा विद्यालय के काशी प्रसाद, वीरेंद्र सिंह यादव, अजय कुमार कुशवाहा, राकेश कुमार, कृष्ण कुमार अवस्थी, शैलेंद्र सिंह, विवेक, नरेंद्र, राजीव इत्यादि शिक्षक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *