फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। सदर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत स्टेट लेवल से कम मतदान प्रतिशत वाले बूथ संख्या 97 और 98 पूर्व माध्यमिक विद्यालय अमेठी कोहना विकास क्षेत्र बढ़पुर में कोऑर्डिनेटर सुधीर कुशवाहा के नेतृत्व में मतदाता जागरूकता अभियान रैली का आयोजन किया गया। विद्यालय के विद्यार्थियों ने अमेठी कोहना के गांव की गलियों में मतदाताओं को जागरुक करते हुए एक भव्य रैली निकाली और सभी को लोकसभा चुनाव में मतदान करने हेतु जागरूक किया। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सुमन लता शुक्ला और सावित्री मिश्रा ने सहयोग किया। बूथ लेवल ऑफिसर गीता शाक्य और शुभनीष लता ने बताया कि विगत विधानसभा और लोकसभा चुनाव में इन मतदान केंद्रों पर मतदान का प्रतिशत कम रहने का कारण इस गांव के अधिकांश निवासी रोजगार के सिलसिले में दूसरे शहरों में चले जाते हैं तथा उनका वोट यहां पर बना हुआ है।
इस बार इस त्योहार होली पर जब वह अपने घरों में आएंगे तो हम लोग उनको आगामी होने वाले लोकसभा चुनाव में उनसे वोट का महत्व बताते हुए सरकारी योजनाओं के लाभ लेने हेतु प्रेरित करेंगे। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा नारे लगाए गए, हम सब की है जिम्मेदारी, वोटिंग करें सभी नर नारी। वोट डालने जाना है, अपना फर्ज निभाना है, लोकतंत्र का है आधार वोट ना हो कोई बेकार, लोकतंत्र है शान हमारी, जन-जन की हो भागीदारी आदि नारे लगाये।
