एक दिन के लिए एसडीएम बनीं छात्रायें रिचा यादव व तनु अग्निहोत्री

ग्रामीणों की समस्यायें सुनकर किया समाधान
कायमगंज/अमृतपुर, समृद्धि न्यूज। रामसिंह इंटर कॉलेज की कक्षा 12 की छात्रा रिचा यादव सोमवार को एक दिन के लिए उपजिलाधिकारी बनी। तहसील परिसर में रिचा ने न सिर्फ एसडीएम की कुर्सी संभाली, बल्कि फरियादियों की समस्याएं भी सुनीं और उनके निस्तारण के निर्देश दिए। रिचा यादव ने बताया कि उसका सपना आईएएस अधिकारी बनकर समाज की सेवा करना है। उसने कहा कि एक दिन की एसडीएम बनकर उसे यह अनुभव हुआ कि प्रशासनिक सेवा में कितनी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता की जरूरत होती है। जब रिचा को पता चला कि एसडीएम अतुल कुमार सिंह वर्ष 2021 बैच के पीसीएस टॉपर हैं, तो उसकी खुशी दोगुनी हो गई। इस पर एसडीएम ने रिचा को सिविल सेवा की तैयारी के लिए कई महत्वपूर्ण टिप्स दिए और उसे सफलता के लिए प्रेरित किया। एसडीएम अतुल कुमार सिंह ने कहा कि युवाओं को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहना चाहिए। रिचा जैसी मेधावी छात्राएं प्रशासनिक सेवा में जाएंगी तो समाज को दिशा मिलेगी। इस दौरान तहसीलदार विक्रम सिंह चाहर मौजूद रहे।वहीं दूसरी ओर एक दिन के लिए एसडीएम बनी छात्रा तनु अग्निहोत्री लोगों की शिकायतें सुनीं और अपनी योग्यता का प्रदर्शन करते हुए कई समस्याओं का समाधान किया। बताते चलें कि मिशन शक्ति फेस ५.० सरकार की इस योजना का उद्देश्य छात्राओं को प्रेरित करना और उनका आत्मविश्वास बढ़ाना है। इसके तहत चयनित छात्रा को एक दिन के लिए प्रशासनिक कुर्सी पर बैठाकर उन्हें समस्याओं से अवगत कराया जाता है, ताकि यह अनुभव उनके लिए प्रेरणा का स्रोत बन सके। इस प्रकार की पहल से छात्राओं में आत्मविश्वास पैदा हो रहा है। जिससे उनके भविष्य को स्वर्णिम बनाने में मदद मिलेगी। इस अवसर पर सशक्त नारी समृद्ध प्रदेश का नारा भी गूंजा और कार्यालय में सभी अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *