चीनी मिल अधिकारियों ने किसानों को गन्ने की पैदावार बढ़ाने के लिए किया प्रेरित

कायमगंज, समृद्धि न्यूज। चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक और मुख्य गन्ना अधिकारी ने गुरुवार को कटरी क्षेत्र के इकलहरा और शाहपुर गंगपुर का सघन दौरा किया। इस दौरान अधिकारियों ने खेतों में किसानों से सीधा संवाद किया और चौपाल लगाकर उन्हें आगामी बसंतकालीन बुवाई में आधुनिक तकनीक अपनाने के लिए प्रेरित किया।
भ्रमण के दौरान मिल अधिकारी उन खेतों में भी पहुंचे जहां गन्ने की कटाई और छिलाई का कार्य चल रहा था। प्रधान प्रबंधक ने कृषकों को सुझाव दिया कि वे चीनी मिल को हमेशा साफ.-सुथरा, ताजा और जड़ पत्ती रहित गन्ना ही आपूर्ति करें। उन्होंने समझाया कि मिट्टी और अगोला रहित गन्ने से न केवल मिल को सुविधा होती है, बल्कि किसानों को भी बेहतर रिकवरी का लाभ मिलता है। गांव में आयोजित चौपाल में किसानों को आगामी बसंतकालीन सत्र में अधिक से अधिक गन्ना बुवाई के लिए प्रोत्साहित किया गया। अधिकारियों ने बेहतर पैदावार के लिए उन्नतशील प्रजातियों के चयन पर जोर दिया। चीनी मिल ने यह भी आश्वासन दिया कि जिन किसानों को अच्छी प्रजाति के बीज की आवश्यकता है। उन्हें मांग के अनुसार बाहर से बीज मंगाकर उपलब्ध कराया जाएगा। इच्छुक किसान अपने क्षेत्र के सर्किल गन्ना पर्यवेक्षक या सीधे चीनी मिल कार्यालय में अपनी मांग दर्ज करा सकते हैं। प्रधान प्रबंधक के सीधे संवाद और बीज उपलब्ध कराने के आश्वासन से क्षेत्र के किसानों में उत्साह देखा गया। किसानों ने कहा कि इस तरह के मार्गदर्शन से उन्हें खेती की नई बारीकियों को समझने में मदद मिलती है। चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक ने बताया कि उनका मुख्य लक्ष्य किसानों की आय बढ़ाना और उन्हें तकनीकी रूप से समृद्ध करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्नत बीज और साफ गन्ने की आपूर्ति से किसान और मिल दोनों का हित जुड़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *