फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर एवं प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल द्वारा जारी पत्र के अनुसार शुक्रवार को जनपद में छात्र नौजवान एवं पीडीए जागरूकता कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। जनपद प्रभारी छात्रसभा के राष्ट्रीय सचिव सुमित यादव कन्हैया ने समाजवादी पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से रुबरु होते हुए कहा कि यह कार्यक्रम कक्षा 12 के बाद पास हुए छात्रों को जागरुक कर राजनीति की मुख्य धारा से जोडऩे के लिए है। जिस प्रकार से भारतीय जनता पार्टी ने महाविद्यालयों से छात्र संघ को समाप्त कर दिया है, उसे समाजवादी पार्टी दोबारा से चालू करने की मांग करती है। सुमित यादव ने कहा कि आज युवा बेरोजगार है, लगातार युवाओं की उम्र बढ़ती जा रही है और रोजगार के अवसर कम होते जा रहे हैं, नौजवान परेशान है और यही कारण है कि भारतीय जनता पार्टी पीडीए को मुख्य धारा से दूर करना चाहती है। सुमित यादव ने कहा की पीडीए के जननायक अखिलेश यादव ने जिस प्रकार यह मुद्दा उठाया है उससे भाजपा डरी हुई है और समाज को कई भागों में बांटना चाहती है। जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह पीडीए ने कहा कि भाजपा ने पूरे देश का बेड़ा गर्क कर दिया है। चंद्रपाल सिंह ने फ्रंटल संगठनों के प्रभारी पुष्पेंद्र यादव को एक महीना चलने वाले इस कार्यक्रम का जनपद प्रभारी नियुक्त किया। इस कार्यक्रम के तहत वृक्षारोपण एवं महाविद्यालय में जाकर छात्रों से संवाद करना भी शामिल है। जिससे छात्रों की रुचि समाजवादी पार्टी के प्रति बढ़ेगी। इस अवसर पर जिला महासचिव इलियास मंसूरी, लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष अनुराग यादव, यूथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष इजहार खान, छात्र सभा के जिलाध्यक्ष हर्ष गंगवार, युवजन सभा के जिलाध्यक्ष शिवम यादव, सैनिक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष केके यादव, सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश सदस्य बेंचे लाल यादव, मीडिया प्रभारी विवेक यादव, रवी यादव, बृजलाल कठेरिया, विनीत परमार, अश्वनी यादव आदि लोग उपस्थित रहे। संचालन विवेक यादव ने किया।
छात्रों को जागरुक कर राजनीति की मुख्यधारा से जोडऩा है: सुमित यादव
