समृद्धि न्यूज। नीतीश कुमार 10वीं बार मुख्यमंत्री की कुर्सी संभालने जा रहे हैं। 20 नवंबर को वो दसवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली इस सरकार में अधिकांश पुराने चेहरे ही नजर आ सकते हैं। भाजपा ने अपने विधायक दल का नेता सम्राट चौधरी और उप नेता विजय कुमार सिन्हा को चुना है जिससे इन दोनों के बतौर उपमुख्यमंत्री शपथ लेने की बात तय लग रही है। इसके अलावा मंत्रियों में भाजपा बहुत अधिक बदलाव करने के मूड में नहीं है। मंत्रिमंडल में नए चेहरे चिराग पासवान की लोजपा(आर), उपेंद्र कुशवाहा की रालोमो और जीतन राम मांझी की हम से ही नजर आएंगे। पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में नीतीश सरकार के शपथ ग्रहण की सारी तैयारियां हो चुकी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और कई केंद्रीय मंत्रियों समेत राजग के सभी घटकों के प्रमुखों, राजग शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की उपस्थिति में यह राजग के लिए शक्ति प्रदर्शन का बड़ा मौका होगा। विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद नीतीश कुमार राजभवन गए, राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपा और सरकार बनाने का दावा पेश किया। राज्यपाल को समर्थन का पत्र भी सौंपा। यहां सबसे खास बात ये है कि जब तक नीतीश एनडीए विधायक दल के नेता नहीं चुन लिए गए, उन्होंने अपना पद नहीं छोड़ा, परसों वो राज्यपाल से जरूर मिले, लेकिन ये कहकर सबको चौंका दिया था कि इस्तीफा 19 को देंगे।
