नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर ससुरालियों ने नवविवाहिता को घर से निकाल दिया। पीडि़ता ने घटना के संबंध में थाने में तहरीर देकर ससुरालियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है।
जानकारी के अनुसार थाना मऊदरवाजा के ग्राम रसीदपुर निवासी सविता देवी पुत्री देवेन्द्र सिंह ठाकुर का विवाह १३ फरवरी को सुशील कुमार पुत्र रामनाथ निवासी त्योरी इस्मालपुर थाना नवाबगंज के साथ हुआ था। जिसमें पीडि़ता के परिजनों ने अपनी हैसियत के अनुसार दान दहेज भी दिया था। विवाह के बाद पीडि़ता का पति सुशील कुमार, जेठ विपिन, सुनील पुत्रगण रामनाथ, जिठानी शालू देवी पत्नी विपिन कुमार, सास सुषमा देवी अतिरिक्त दहेज में चार पहिया वाहन व पांच लाख रुपये मांगने लगे। मांग पूरी न होने पर उत्पीडऩ करने लगे। इन लोगों ने पांच दिन पहले एकराय होकर कमरे में बंद करके मारापीटा व जान से मारने का प्रयास किया। ससुर ने पति सुशील को लाइसेंसी बंदूक लाकर दी और गोली मारने को कहा। शोर मचने पर पास पड़ोस के लोग एकत्र हो गये। इन लोगों ने आकर बचाया। ससुरालियों ने विवाहिता को घर से निकाल दिया। पीडि़ता ने आरोप लगाया कि पति सुशील के साथ उसकी जिठानी शालू से अवैध सम्बन्ध है। पीडि़ता ने कानूनी कार्यवाही करने की मांग की है।
दहेज की मांग को लेकर नवविवाहित को घर से निकाला, तहरीर
