आरटीओ प्रशासन ने मैराथन समीक्षा बैठक में राजस्व पूर्ति, आईजीआरएस का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण व आनलाईन सेवाओं के प्रचार प्रसार के दिये निर्देश
समृद्धि न्यूज़ अयोध्या। शासन की मंशानुसार अयोध्या संभाग में राजस्व लक्ष्यों की पूर्ति,आडिट प्रकरणों के निस्तारण,वाहनों की फिटनेस, मानक के अनुसार पंजीयन, दर्पण पोर्टल सेवाएं तथा आईजीआरएस सहित अन्य पोर्टलों पर शिकायतों के त्वरित निस्तारण की समीक्षा को लेकर गुरुवार को आरटीओ प्रशासन सुश्री ऋतु सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।बैठक में अयोध्या,अमेठी, बाराबंकी व अम्बेडकरनगर के एआरटीओ व आर.आई मौजूद रहे।बैठक के दौरान अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि माह सितम्बर में युद्ध स्तर पर कार्रवाई करते हुए राजस्व की शत प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करें।पिछले वित्तीय वर्ष के सापेक्ष कम से कम बीस प्रतिशत मासिक एवं क्रमिक वृद्धि हर हाल में सुनिश्चित करें तथा बकाया वसूली हेतु सर्वाधिक बड़े बकायेदारों की सूची कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर चस्पा करते हुए संभाग के सभी बकायेदारों से दूरभाष व डोर टू डोर नाकिंग की गति तेज करें और प्रभावी बकाया कर की वसूली करें।
आरटीओ प्रशासन ने निर्देश दिया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए जिला प्रशासन व पुलिस विभाग से समन्वय कर अनाधिकृत व्यक्तियों के विरुद्ध निरन्तर कार्रवाई कर अपने कार्यालयों को अनाधिकृत व्यक्तियों के हस्तक्षेप से मुक्त रखे और कार्यशैली पारदर्शी बनाएं। साथ ही यह भी निर्देश दिये गये कि स्कूली वाहनों,यात्री वाहनों, माल वाहनों के वाहन स्वामियों तथा स्कूली वाहन स्वामियों को
कर जमा,फिटनेस तथा परमिट आदि अद्यतन वैध कराने हेतु दूरभाष पर संपर्क करें।कहा गया कि निलंबित पंजीयन वाले वाहनों को भी प्रपत्र वैद्य कराने हेतु प्रेरित करें,जिला प्रशासन की टास्क फोर्स का भी गठन कराएं तथा सभी वाहन स्वामियों से कर जमा करायें।बताया गया कि सभी वाहन स्वामी parivahan.gov.in पर जाकर आनलाइन माध्यम से विभिन्न सेवाओं का लाभ ले सकते हैं। इसके लिए कार्यालय आने की आवश्यकता नहीं है।मण्डल के सभी जिलों के सहायक संभागीय परिवहन अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि आर.सी. प्रेषण करने के साथ राजस्व विभाग की वेबसाइट पर मिलान व प्रतिदिन स्टेटस मानिटर करें, तथा जनपदीय व तहसील स्तर अधिकारी अमीनी से अनुश्रवण कर कार्रवाई करें।बताया गया कि अनाधिकृत एवं बिना वैद्य प्रपत्रों के संचालित वाहनों के विरुद्ध स्कैप्रिंग (आरवीएसएफ) की कार्रवाई की जा सकती है। इसलिए वाहन स्वामी तत्काल अपने प्रपत्र वैध करा लें।दर्पण पोर्टल की सभी सेवाओं पर पेंडेंसी शून्य कराने तथा गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराने के निर्देश दिए गए हैं।अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए गए कि पंद्रह वर्ष पूर्ण सरकारी वाहन को निष्प्रयोज्य करने की कार्रवाई सभी विभागों से कराईं जाए।निजी वाहनों का कामर्शियल प्रयोग रोकने तथा एचएसआरपी आदि पर भी प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई कर जागरुकता बैठकें आयोजित कराने के निर्देश दिये गए।बैठक में आरटीओ सुश्री ऋतु सिंह,एआरटीओ अयोध्या आर.पी.सिंह,एआरटीओ अम्बेडकरनगर सत्येन्द्र यादव, एआरटीओ अमेठी सर्वेश कुमार सिंह,एआरटीओ बाराबंकी श्रीमती अंकिता शुक्ला,आरआई प्रेम सिंह व अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।
अमिताभ श्रीवास्तव
