सम्मेलन का उद्घाटन आज उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक एवं सांसद हेमामलिनी करेंगी
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। उ0प्र0 माध्यमिक शिक्षक संघ (शर्मा गुट) के प्रादेशिक महा सम्मेलन एवं शैक्षिक संगोष्ठी में प्रतिभाग करने हेतु जिलाध्यक्ष लालाराम दुबे एवं मंत्री नरेंद्र पाल सिंह सोलंकी के नेतृत्व में शिक्षकों ने आज बुधवार को मथुरा के लिए प्रस्थान किया। सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रुप में उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक, मथुरा की सांसद हेमामालिनी उपस्थित रहेंगी। सम्मेलन ८ से १० जनवरी तक चलेगा।
तीन दिवसीय प्रांतीय सम्मेलन मथुरा जिले के किशोरी रमण इंटर कालेज में आज होगा। जिसका उद्घाटन उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक व सांसद हेमामालिनी आज ८ जनवरी को करेंगी। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री एस.पी. बघेल एवं शिक्षा निदेशक महेंद्र देव सिंह भी मौजूद रहेंगे। मथुरा रवाना होने से पूर्व जिलाध्यक्ष लालाराम दुबे ेवं जिला मंत्री नरेंद्र पाल सिंह सोलंकी ने बताया कि दर्जनों शिक्षक सम्मेलन में प्रतिभाग करने हेतु मथुरा जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि सम्मेलन में मुख्य रुप से शिक्षकों के अतीत, वर्तमान एवं भविष्य के संबंध में मंथन किया जायेगा। प्रांतीय सम्मेलन में प्रतिभाग करने वाले शिक्षकों को शिक्षा निदेशक ने तीन दिन का विशेष अवकाश दिये जाने की घोषणा की है। समझा जाता है कि यह महा सम्मेलन शिक्षकों की एकता, अधिकार एवं भविष्य की दिशा तय करेगा। सम्मेलन को माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश त्रिपाठी, शिक्षक विधायक ध्रव कुमार त्रिपाठी, पूर्व एम.एल.सी. जगवीर किशोर जैन, प्रमोद मिश्रा आदि शिक्षक नेता सम्बोधित करेंगे।
माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय सम्मेलन में भाग लेने हेतु शिक्षक मथुरा रवाना
