बोर्ड परीक्षा की विसंगतियों को दूर करने की शिक्षकों ने उठायी मांग

सेवा सुरक्षा एवं राजकीय करण, प्रोन्नति व सिटीजन चार्टर आदि समस्याओं का सौंपा ज्ञापन
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। माध्यमिक शिक्षक संघ एकजुट ने समस्याओं को लेकर प्रदेश नेतृत्व के आवाह्न पर जिलाध्यक्ष देवेन्द्र यादव के नेतृत्व में जनपद के सहायता प्राप्त विद्यालयों व वित्त विहीन विद्यालयों के शिक्षकों के साथ जिला विद्यालय निरीक्षक को ज्ञापन सौंपा। नवंबर माह में बस्ती में सम्पन्न हुये प्रान्तीय अधिवेशन में पारित 6 प्रस्तावों सेवा सुरक्षा एवं राजकीय करण, पदोन्नति, सिटीजन चार्टर, एन0ओ0सी0 रहित ऑनलाइन स्थानान्तरण, प्रधानाचार्य की भर्ती लिखित परीक्षा एवं साक्षात्कार के आधार पर, वित्त विहीन विद्यालयों को धारा-7(4) से आच्छादित करते हुये वित्त विहीत शिक्षकों की नियमावली बनायी जाये से सम्बन्धित मुख्यमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन सौंपा गया।
परिषाद द्वारा घोषित बोर्ड परीक्षा 2025 के टाइम टेवल में व्याप्त तमाम विसंगतियां शीघ्र अति शीघ्र दूर की जायें। दो विषयों की तिथियों मध्य में पर्याप्त गैप होना चाहिये। साथ ही साथ जनपद स्तर की शिक्षकों एवं कर्मचारियों की समस्याये जो जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर सालों में लम्बित पड़ी हैं उनको डीआईएस द्वारा निस्तारित किया जाये। प्रदेश उपाध्यक्ष प्रभात यादव ने कहा कि सरकार माध्यमिक छात्रों की तुलना सी0बी0एस0ई0 एवं आई0सी0एस0ई0 बोर्ड से करती है, लेकिन यह भूल जाती है कि सी0बी0एस0ई0, आई0सी0एस0ई0 सुविधायें माध्यमिक विद्यालयों में छात्रों और अध्यापकों को नही मिल पाती है। यू0पी0 बोर्ड की परीक्षायें मात्र 12 कार्य दिवसों में सम्पादित की जा रही है। वहीं अन्य बोडों की परीक्षायें 40-45 दिन में सम्पन्न हो रही है। यू0पी0 बोर्ड के विद्यालयों को, मशीन बना दिया गया है। परीक्षा के दौरान दो विषयों की परीक्षा के दौरान परीक्षा के बीच में पर्याप्त समय नहीं मिल पा रहा है। यू0पी0 बोर्ड के विद्यार्थियों के साथ भारी अन्याय हो रहा है। संगठन के जिला मंत्री अरूण कुमार ने कहा कि जनपद स्तरीय समस्याओं का समाधान शीघ्र नहीं होता है तो संगठन जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के सामने धरना प्रदर्शन करने के लिये बाध्य होगा। इस मौके पर लालता प्रसाद, राजेश गुप्ता, प्रमोद कुमार, विनोद कुमार, वीरभान, अमित कुमार, आलोक द्विवेदी आदि लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *