समृद्धि न्यूज। बाराबंकी में थाने के पीछे खेत में आग से झुलसी मिली किशोरी की इलाज के दौरान मौत हो गई। मरने से पहले उसने पास के पेट्रोल पंप पर काम करने वाले युवक का नाम लिया। घटनास्थल से पेट्रोल का डिब्बा मिला है। पुलिस आत्महत्या और अन्य पहलुओं पर जांच कर रही है। गुरुवार को मोहम्मदपुर खाला थाना परिसर के पीछे कुछ दूरी पर प्रभास के नाम से ईंट भठ्ठा है। उसके करीब आग व धुआं उठता देखकर किसी राहगीर ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस मौके पर पहुंची तो एक किशोरी को जलता देखा। पुलिस ने तत्काल आग बुझवाकर उसे सीएचसी भिजवाया, जहां से उसे गंभीर दशा में जिला अस्पताल फिर हालत गंभीर देख लखनऊ रेफर कर दिया गया। लखनऊ ले जाते समय किशोरी ने दम तोड़ दिया। मौत से पहले पुलिस को दिए बयान में कस्बे के पेट्रोल पंप पर कार्यरत युवक का नाम लिया और कहा कि उसने ही कहा था कि फूंक देंगे। वीडियो के अनुसार युवक का नाम लेने के बाद किशोरी की आवाज लडख़ड़ाने लगी और वह आगे कुछ नहीं बोल सकी। जिला अस्पताल में उसने जिस पेट्रोल पंप कर्मी अखिलेश का नाम लिया, वहां काम नहीं करता, लेकिन पुलिस ने सिरे से तलाश शुरु कर दी है।
वहीं परिजनों ने दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोप लगाया है। मामले में दो से तीन लोगों के शामिल होने की आशंका जताई है। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार किशोरी के शरीर पर कपड़े नहीं थे। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। आरोपी युवक की तलाश भी की जा रही है। किशोरी दोपहर करीब 12 बजे घर से शौच के लिए निकली थी। दोपहर के समय बड़ी बहन के पास सूचना आई कि वह घर से करीब 150 मीटर दूर खेत में जली हालत में पड़ी है। बहन का कहना है कि जब परिवार सहित वह मौके पर पहुंची तो उसके शरीर पर कपड़े नहीं थे। पास के खेत में मचान पर पड़ी रजाई से उसे ढंका गया। वहीं, पुलिस के मुताबिक थाने के पीछे से धुआं उठता और चीख.पुकार सुनाई देने पर लोग दौडक़र पहुंचे। गंभीर रूप से झुलसी किशोरी को अस्पताल पहुंचाया गया। घटनास्थल से पेट्रोल व पानी की भी एक बोतल बरामद हुई है। करीब 80 प्रतिशत तक झुलस चुकी किशोरी ने एक पेट्रोल पंप कर्मचारी का नाम लिया है। प्रभारी निरीक्षक आशुतोष मिश्रा ने बताया कि सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। युवक की तलाश जारी है।
बाराबंकी में थाने के पीछे किशोरी को जिंदा जलाया, मौत
