फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। संदिग्ध परिस्थितियों में किशोरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फांसी के फंदे से उतारकर जांच पड़ताल की। वहीं फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किये।
जानकारी के अनुसार शनिवार की शाम करीब ८:०० बजे शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला जंगबाज खां निवासी अनिराज जाटव की १७ वर्षीय पुत्री पायल ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद समय मृतका की दादी कोल्ड स्टोरेज में आलू बीनने गयी थी। जब वह लौटकर आयी, तो उसे घटना की जानकारी हुई।
घटना की सूचना पुलिस को दी गयी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को फांसी के फंदे से उतारकर जांच पड़ताल शुरु की। वहीं फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किये। स्थानीय निवासियों के अनुसार पायल का परिवार बेहद गरीबी से जूझ रहा है। उसके पिता अनिराज जाटव सिलाई का काम करते हैं, जबकि दादी शारदा देवी कोल्ड स्टोरेज में आलू बीनकर गुजारा करती है। पायल की मां सुलोचना का तीन वर्ष पूर्व निधन हो चुका है। परिवार में पायल से छोटी 12 वर्षीय नेत्रहीन बहन पूनम, भाई राहुल और 4 वर्षीय भाई देव भी है। परिवार की आर्थिक तंगी के कारण पायल की पढ़ाई भी बंद हो गई थी। बताया जा रहा है कि घर में उसकी शादी की चर्चाएं होने लगी थीं। जिससे वह मानसिक रूप से कुंठित हो गई थी। शहर कोतवाल राजीव पांडेय ने बताया कि युवती पायल ने संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या की है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की आगे की जांच की जा रही है।
संदिग्ध परिस्थितियों में किशोरी ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
