समृद्धि न्यूज। सुरक्षा एजेंसियों की रिपोर्ट के बाद गृह मंत्रालय ने तेज प्रताप यादव को वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा देने का फैसला किया। इससे पहले तेज प्रताप ने कहा था कि बिहार के मौजूदा हालात देखें तो यहां एक के बाद एक हत्याएं हो रही हैं, कोई नहीं जानता कि कब और कहां कोई दुश्मन सामने आ जाए। बिहार चुनाव के बीच राजद नेता तेज प्रताप यादव को केंद्र सरकार ने वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की है। भाजपा सांसद रवि किशन से तेज प्रताप की दो दिनों में दो बार मुलाकात हुई। पटना एयरपोर्ट पर जब दूसरी बार मुलाकात हुई तो तेज प्रताप और रविकिशन ने खचाखच भरे पत्रकारों के बीच दोनों ने एक-दूसरे के कान में कुछ कहा। बिहार में अपराध और चुनाव के बीच बढ़ते सियासी तनाव के बीच तेज प्रताप यादव ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई थी, उन्होंने पीएम मोदी और केंद्र सरकार से अपनी सुरक्षा बढ़ाने की अपील की थी। हाल ही में मोकामा में दुलार चंद यादव हत्या के बाद तेज प्रताप यादव ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई थी। उन्होंने इस घटना का जिक्र करते हुए कहा था कि बिहार में बढ़ती आपराधिक घटनाएं जनता के साथ-साथ निर्वाचित प्रतिनिधियों के लिए भी खतरा हैं। उन्होंने कहा था कि सियासी प्रतिद्वंद्विता के चलते उन्हें भी निशाना बनाया जा सकता है। तेज प्रताप ने कहा था कि केंद्र और राज्य प्रशासन को उनकी सुरक्षा बढ़ानी चाहिए, ताकि वो बिना डरे चुनाव प्रचार कर सकें। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सुरक्षा एजेंसियों की एक विस्तृत रिपोर्ट के आधार पर तेज प्रताप की सुरक्षा बढ़ाने का फैसला लिया है। रिपोर्ट में उनकी जान को संभावित खतरा बताया गया था। वाई प्लस कैटेगरी की सुरक्षा के तहत, तेज प्रताप को अब 11 आम्र्ड पुलिस कमांडो मिलेंगे, जिनमें 5 स्टैटिक जवान और 6 पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर शामिल होंगे।
तेज प्रताप को मिली Y+ कैटेगरी की सुरक्षा
