टेंपो चालक को गोली मारकर मौत के घाट उतारा

पुलिस अधीक्षक व क्षेत्राधिकारी ने पहुंचकर की जांच
नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। बीती रात टेंपो चालक की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक तथा फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर जांच पड़ताल की। पुुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है।
जानकारी के अनुसार नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव करनपुर जसमई मार्ग पर गांव पहाड़पुर के सामने बीती रात मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के गांव न्यामतपुर सरैया निवासी पुष्पेंद्र कुमार पुत्र कुंवर पाल यादव 26 वर्ष जो की टेंपो चलाने का कार्य करता है। बीती रात अपने घर से पहाड़पुर में बुकिंग ले जाने की बात कहकर टेंपो से निकला था। रात लगभग 9:00 बजे गांव पहाड़पुर के सामने ग्रामीणों ने गोलियों की आवाज सुनी। जिस पर लोग मौके की ओर दौड़े, तो वहां देखा एक टेंपो में शव पड़ा हुआ था। जिसको देखकर ग्रामीणों ने सूचना डॉयल 112 पुलिस को दी। मौके पर पहुंची डॉयल 112 पुलिस ने थाना प्रभारी निरीक्षक अवध नारायण पांडे व आला अधिकारियों को सूचना दी। जिस पर थाना प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। वहीं डायल 112 से प्रसारित हुई सूचना पर आला अधिकारियों ने मामले को संज्ञान में लिया और पुलिस कप्तान के निर्देशन में कई थानों का पुलिस फोर्स घटनास्थल पर पहुंचा। क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी। सूत्रों के मुताबिक मौके से पुलिस को दो कारतूस भी बरामद हुए। टेंपो से बरामद कागजात के आधार पर युवक की पहचान ग्राम न्यामतपुर सरैया थाना मऊदरवाजा निवासी पुष्पेंद्र यादव पुत्र कुंवर पाल के रूप में हुई। जिसकी सूचना मृतक के परिजनों को दी गई। सूचना पाकर बड़ी संख्या में ग्रामीण व परिजन मौके पर पहुंचे। थाना पुलिस के दरोगा गीतम सिंह, फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं सूचना पर पुलिस अधीक्षक आरती सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचीं। उन्होंने बताया कि घटना का पर्दाफाश करने के लिए कई टीमें लगायी गयी हैं। जल्द घटना का खुलासा किया जायेगा। थाना प्रभारी निरीक्षक अवध नारायण पांडे ने बताया कि मामले में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध पिता कुंवर पाल पुत्र राजाराम की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है और मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *