अमृतपुर में चोरों का आतंक, ट्रॉली की पार

पुलिस की गश्त पर सवाल, लोगों में दहशत
अमृतपुर, समृद्धि न्यूज। अमृतपुर क्षेत्र में इन दिनों चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। चोर किसानों की मेहनत पर हाथ साफ कर रहे हैं और मवेशियों से लेकर महंगे कृषि यंत्र तक उनके निशाने पर हैं। हालात यह हैं कि अब चोरों को पुलिस का कोई डर नजर नहीं आ रहा है। जिससे क्षेत्रीय किसानों और आम नागरिकों में दहशत का माहौल व्याप्त है।
बीती रात अमृतपुर कस्बा निवासी मोहन साहू पुत्र दयाराम साहू की ट्रॉली चोरों ने उड़ा ली। पीडि़त की ट्रॉली भारतीय स्टेट बैंक के पास स्थित खेत में खड़ी थी। जहां उनके अन्य कृषि यंत्र भी रखे हुए थे। रात के अंधेरे में चोर इतने शातिर तरीके से वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए कि किसी को भनक तक नहीं लगी। सुबह जब किसान खेत पहुंचे, तब चोरी की जानकारी हुई। हैरानी की बात यह है कि जिस स्थान से ट्रॉली चोरी हुई वहां से कुछ ही दूरी पर दो बैंक स्थित हैं। बैंकों की सुरक्षा के लिए पुलिस पिकेट भी तैनात रहती है। इसके बावजूद चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे भारी-भरकम ट्रॉली को चोरी कर ले गए। इससे साफ जाहिर होता है कि या तो रात्रि गश्त नाम मात्र की है या फिर चोरों को कानून का कोई भय नहीं है। क्षेत्र में पहले भी मवेशी चोरी और कृषि उपकरण चोरी की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन अब तक किसी बड़े गिरोह का खुलासा नहीं हो सका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *