नौ दिनों से लापता युवक, पुलिस अंधेरे में चला रही तीर

 पीडि़त पत्नी ने पुलिस अधीक्षक से पुन: लगायी गुहार
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। थाना अमृतपुर क्षेत्र के ग्राम गुर्जरपुर पमारान निवासी ओमवीर बीते 9 दिन से लापता हैं, लेकिन पुलिस को अब तक यह समझ नहीं आया कि यह गुमशुदगी है या पूर्व नियोजित अपहरण।
ओमवीर की पत्नी धरमशीला ने पुलिस अधीक्षक आरती सिंह को शिकायती पत्र सौंपते हुए पति के अपहरण की आशंका जताई है और थाना अमृतपुर की कार्यप्रणाली पर सीधे सवाल खड़े किए हैं। धरमशीला ने बताया कि उनके पति 20 जुलाई की शाम करीब 7 बजे दुकान बंद कर घर लौटे। फिर अपने मित्र रामू यादव के साथ बातचीत करते हुए निकले और फिर वापस नहीं लौटे। जबकि रामू यादव कुछ ही घंटों में लौट आया और पति के बारे में पूछने पर उसने अनजान बनने का नाटक किया। रातभर परिवार ने खोजबीन की, लेकिन ओमवीर का कोई सुराग नहीं मिला। अगली सुबह ओमवीर की मां राजेश्वरी देवी ने थाने में सूचना दी। मगर थाना अमृतपुर की पुलिस ने इसे हल्के में लेते हुए सिर्फ जीडी में तस्करा संख्या 55 दर्ज किया और फाइल बंद कर दी। धरमशीला का आरोप है कि ओमवीर की देवेंद्र यादव, गुलाब सिंह उर्फ तिलक, सुरजीत यादव, श्यामवीर और बंटी उर्फ रामऔतार से रंजिश थी। यह लोग संदेह के घेरे में हैं, लेकिन पुलिस अब तक किसी से पूछताछ तक नहीं कर सकी।
धरमशीला ने यह भी कहा कि थाने के चक्कर काट-काटकर परिवार थक गया है, लेकिन पुलिस के अधिकारियों को जैसे कुछ फर्क ही नहीं पड़ता। एक तरफ परिवार में भय, तनाव और आंसुओं का सैलाब है, दूसरी ओर अमृतपुर पुलिस के चेहरे पर बेपरवाही और उदासीनता की परतें जमी हैं। अब धरमशीला ने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है और पति की शीघ्र बरामदगी के साथ दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *