करोड़ों की लागत से बने ओवरब्रिज की पहली बरसात में ही उखडऩे लगी गिट्टी

स्थानीय नागरिकों ने सेतु निगम की गुणवत्ता पर उठाये सवाल
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। करोड़ों की लागत से बनवाये गये पुल की सात माह बाद ही गिट्टी उखडऩे लगी है। अंदर से मिट्टी निकल रही है। लोगों का कहना है कि ओवरब्रिज भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया है। जो बनने के सात माह के अंदर ही उखडऩे लगा है।
जानकारी के अनुसार सांसद मुकेश राजपूत के प्रयास से फतेहगढ़ के भोलेपुर रेलवे क्रॉसिंग पर ओवर ब्रिज का निर्माण करवाया गया था। अभी पुल को बने सात माह ही हुए हैं, लेकिन बीते दो दिनों से हो रही बारिश से पुल की गिट्टी करीब ३ इंच उखड़ चुकी है और नीचे मिट्टी नजर आने लगी है। ओवर ब्रिज के संपर्क मार्ग की दीवारों से मिट्टी वह रही है। बताते चलें कि पुल से रोज तकरीबन दस हजार लोगों का आवागमन होता है। स्थानीय निवासी मनोज कटियार ने बताया कि पुल की गुणवत्ता ठीक नहीं है। जिससे जगह-जगह से गिट्टी उखडऩे लगी है। ओवरब्रिज पर अभी तक लाइट आदि भी नहीं लगायी गयी हैं। जिससे यहां पर अंधेरा रहता है। उन्होंने सेतु निगम की गुणवत्ता पर सवाल उठाये। वहीं राजन राठौर ने बताया कि सात माह पूर्व ओवरब्रिज का निर्माण कराया गया था। जिसकी लागत करीब २५ करोड़ ८९ लाख रुपये आयी थी। वहीं लाइट के लिए भी ३ लाख रुपया स्वीकृत हो चुका है, लेकिन अभी तक लाइट की व्यवस्था नहीं की गयी है। उन्होंने कहा कि पहली बरसात में ही पुल की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *