फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। भारतीय किसान यूनियन (भानु गुट) के जिला अध्यक्ष नरेंद्र सोमवंशी ने शनिवार को पत्रकार वार्ता कर 26 फरवरी को जनपद का सबसे बड़ा किसान आंदोलन करने की प्रशासन को चेतावनी दी। उन्होंने बताया अमृतपुर आईटीआई कॉलेज के सामने पड़े फील्ड में किसान महापंचायत का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें लगभग एक दर्जन जनपदों के किसान यूनियन कार्यकर्ता एकत्रित होंगे।

उन्होंने कहा यह किसान महापंचायत ऐतिहासिक होगी। जिसमें पूरे जनपद के किसानों की जो भी समस्याएं होंगी उनका अधिकारियों से तुरंत निस्तारण कराया जाएगा व अन्य हमारी कई प्रमुख मांगे हैं। जैसे गंगा के दोनों तरफ सुंदरपुर कटरी से ढाईघाट पुल तक बंदा बनवाया जाए, ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे को फर्रुखाबाद से होकर निकला जाए, फर्रुखाबाद को गंगा एक्सप्रेस में लिंक रोड से जोड़ा जा, भ्रष्टाचार पर लगाम लगाई जाए, फर्रुखाबाद में आलू संबंधित चिप्स इत्यादि की फैक्ट्री लगाई जाए, देवरामपुर रेलवे क्रासिंग पर ओवरब्रिज बनाया जाए, आवारा जानवरों की समस्या से किसानों को निजात दिलाई जाए आदि अन्य ऐसी कई विभिन्न मांगे हैं जो कि हम सभी किसान मिलकर उसे किसान महापंचायत में मुख्यमंत्री के समक्ष रखेंगे। हम लोगों ने तय किया है कि जब तक मुख्यमंत्री हम लोगों का ज्ञापन लेने स्वयं नहीं आते हैं तब तक हम लोग अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे रहेंगे। इस दौरान जिला अध्यक्ष ने प्रशासन पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने उप जिलाधिकारी अमृतपुर व सीओ सिटी फर्रुखाबाद प्रदीप कुमार जो कि वर्तमान में अमृतपुर क्षेत्र के भी प्रभारी है उनके ऊपर कार्यक्रम का आयोजन सफल न होने देने का आरोप लगाया है। जिला अध्यक्ष ने कहा कि प्रदीप कुमार हमारी परमीशन नहीं होने दे रहे हैं और हमें परमीशन की कोई आवश्यकता भी नहीं। उन्होंने साफ लहजे में कहा परमीशन मिले या ना मिले 26 फरवरी को जनपद का सबसे बड़ा किसान आंदोलन होगा। प्रेस वार्ता में किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष के अलावा अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
