साइकिल बही, डीएम ने लिया संज्ञान, जल्द किया जायेगा निस्तारण
अमृतपुर, समृद्धि न्यूज। गंगा पार की तहसील अमृतपुर में बाढ़ ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। कटे हुए रास्तों के कारण ग्रामीण नाव के सहारे आना-जाना कर रहे हैं। शनिवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, बाढ़ के तेज बहाव के कारण नाव पलट गयी। उसमें सवार लोग बाल-बाल बच गये।
जानकारी के अनुसार थाना राजेपुर क्षेत्र के भुडिय़ा भेड़ा के निकट नासे वाले पुलिया के आगे सडक़ कट जाने से प्रशासन द्वारा नाव की व्यवस्था की गई थी। शनिवार को उसी नाव में कुछ युवक सवार होकर राजेपुर कस्बे जा रहे थे, तभी तेज बहाव के कारण नाव में पानी भरने लगा और वह पलट गई। नाव पलटते ही सवारों में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों की मदद से जयवीर कश्यप, कौशल अग्निहोत्री, भूरे सोमवंशी और संजीव कश्यप को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि एक साइकिल बाढ़ के पानी में बह गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक नाव किसी कारण फूट गई थी और वहां कोई प्रशिक्षित नाविक मौजूद नहीं था। इस वजह से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। ग्रामीणों ने पीडब्ल्यूडी विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि पहले ही सडक़ कटने की सूचना दी गई थी, लेकिन विभाग ने केवल खानापूर्ति कर दी, जिसके चलते अब ग्रामीणों की जान खतरे में पड़ रही है। घटना की जानकारी मिलते ही डीएम ने संज्ञान लिया और जल्द निस्तारण कराने की बात कही।
बाढ़ के तेज बहाव में नाव पलटी, मचा हडक़ंप, बाल-बाल बचे सवार
