उन्नाव,समृद्धि न्यूज। मौरावां थाना क्षेत्र के गांव दुंदपुर में एक किसान की संदिग्ध परिस्थिति में मौत का मामला सामने आया है। बुधवार सुबह शीतला बक्स खेड़ा के पास गौरा भीट के खेतों में किसान सर्वेश सिंह (38) का शव मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों के अनुसार, सर्वेश सिंह मंगलवार रात अपने खेत गए थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। अगली सुबह ग्रामीणों ने उनका शव खेत में पड़ा देखा और तुरंत पुलिस व परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान की और पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
घटनास्थल से जहर की पुड़िया बरामद
मौरावां थाने के एसएचओ चंद्रकांत ने बताया कि घटनास्थल से जहर की पुड़िया बरामद हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि सर्वेश शराब के आदी थे, जिससे आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत का असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।
परिवार में छाया मातम
मृतक किसान के परिवार में उनकी पत्नी और दो बेटियां हैं। घटना के बाद से परिवार सदमे में है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है और परिजनों से भी पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले की सच्चाई सामने आएगी।
