घर के अंदर नगर पालिका कर्मचारी का शव फांसी पर लटका मिला

परिजनों में मचा कोहराम, पुलिस को कमरे से मिला सुसाइड नोट,

उन्नाव, समृद्धि न्यूज। नगर पालिका उन्नाव के कनिष्ठ लिपिक ने फांसी लगाकर फंदे से लटककर जीवनलीला समाप्त कर ली।। सुबह कमरे में फंदे से शव लटका देख परिजनों के होश उड़ गए।। घरवाले जब अंदर गए, तो उन्हें एक सुसाइड नोट मिला। जिसमें उसने अपनी मौत के लिए नगर पालिका के ईओ और चेयरमैन प्रतिनिधि समेत 5 लोगों को जिम्मेदार बताया है।

जानकारी के अनुसार दही थाना क्षेत्र के मोहल्ला पीतांबर नगर-2 के निवासी सतीश प्रजापति 28 पुत्र राजाराम नगर पालिका में कनिष्ठ लिपिक के पद पर तैनात थे। घर पर मां, पत्नी रिंकी, छोटा भाई आलोक और डेढ़ साल का बेटा तेजस है। करीब 18 महीने से उसकी सैलरी नहीं आ रही थी, जिसे लेकर वह नगर पालिका के चक्कर काट रहा था।

सोमवार शाम वह नगर पालिका के ऑफिस से वापस घर आया। इसके बाद उसने अपने भाई को बताया कि कुछ लोगों ने पीटा है। शरीर पर चोट के निशान भी दिखाए। फिर रात में खाना खाकर वह ऊपर बने कमरे में सोने चला गया। आज सुबह जब देर तक दरवाजा नहीं खुला, तो भाई और पत्नी देखने पहुंचे।पत्नी और भाई दरवाजा खटखटाते रहे वहां बहुत देर खटखटाने पर भी दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद दरवाजा तोड़ दिया। वहां सतीश का शव पंखे में फंदे से लटक रहा था। भाई आलोक ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने फंदा काटकर शव नीचे उतारा।

पुलिस को मौके से सुसाइड नोट मिला है। इसमें सतीश ने नगर पालिका के ईओ संजय मिश्रा, अध्यक्ष प्रतिनिधि भानू मिश्रा उर्फ प्रवीण कुमार मिश्रा, जलकल अभियंता विवेक वर्मा, सेवानिवृत्त कर्मचारी राम समुझ प्रसाद और सुरेंद्र विश्वकर्मा पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *