दबंगों ने नगर पालिका की टीम पर हमला बोलकर छुड़ाये गौवंश

वाहन का शीशा तोड़ा, ईओ व मु0 सफाई नायक ने की कार्यवाही की मांग
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। निराश्रित गौवंशों को पकड़ रहे नगर पालिका के अधिकारी व उनकी टीम पर हमला बोलकर वाहन को क्षतिग्रस्त कर पकड़े गये गौवंशों को दबंग छुड़ा ले गये। घटना के संबंध में अधिशासी अधिकारी ने फतेहगढ़ कोतवाली प्रभारी को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही की मांग की।बुधवार को सायं काल ५:१५ पर फतेहगढ़ सुभाष चौक से स्टेडियम होते हुए ऑफिसर कालोनी मोड़ तक निराश्रित गौवंशों को पकडऩे का अभियान चलाया जा रहा था। इस दौैरान कुल आठ गौवंश पकड़ पाये थे, तभी ग्वालटोली के पिन्टू फौजी हाथी, बब्बन व उनके अन्य १०-१२ साथी आफिसर कालोनी के मोड़ पर गाड़ी को घेर लिया। कैचर गाड़ी का शीशा तोड़ दिया। इस दौरान मुख्य सफाई निरीक्षक विजय शुक्ला व अन्य कर्मियों के साथ गाली-गलौज, धक्का-मुक्की करते हुए गाड़ी पर लदे सभी गौवंशों को जबरियन उतार लिया। उक्त सभी लोगों द्वारा सरकारी कार्य में बाधा डालने व कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की व गाली-गलौज की गई। इस घटना से कर्मचारी काफी भयभीत है। मु0 सफाई निरीक्षक बृजेन्द्र सिंह व अधिशासी अधिकारी नगर पालिका फर्रुखाबाद रवीन्द्र कुमार द्वारा तहरीर देकर कार्यवाही की मांग की। घटना के संदर्भ में जानकारी होने पर मौके पर पुलिस गयी, लेकिन दबंग फरार हो चुके थे। वहीं जिस समय नगर पालिका के वाहन व कर्मचारियों को घेरकर गौवंशों को दबंग छुड़ा रहे थे, तभी एक कर्मचारी ने दबंगों की नजर बचाकर पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल से बना लिया, जो पुलिस को सौंप दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *