फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। मोबाइल की दुकान पर काम करने वाले युवक को दबंगों ने टैक्सी से उतारकर जमकर लात-घूसों व बेल्टों से पीटा और उसका मोबाइल तथा नकदी छीन ली। पीडि़त ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्यवाही की मांग की है।
जानकारी के अनुसार सोमवार को विपिन यादव निवासी ग्राम कुटरा थाना कोतवाली फतेहगढ़ टिर्री में बैठकर चौराहे पर स्थित मोबाइल की दुकान पर जा रहा था, तभी अचानक अभिषेक उर्फ गोरा पुत्र नामालूम निवासी ग्रानगंज, अंकित पुत्र नामालूम निवासी सिविल लाइन फतेहगढ़ पीडि़त के पास मोटर साइकिल से आये टिर्री रुकवाकर उसको उतारकर जमकर मारपीट की और मोटर साइकिल पर बैठाकर कटियार फील्ड ले गये। जहां पर पीडि़त के साथ लात-घूसों व बेल्टों से जमकर पीटा तथा मां बहन की गंदी-गंदी गालियां दीं। मारपीट के दौरान दबंगों ने पीडि़त का मोबाइल व 3200/- रुपये छीन लिये। मारपीट होते देख मौके पर भीड़ इकट्ठी हो गयी। रंजीत पुत्र नामालूम निवासी याकूतगंज आदि ने पीडि़त को बचाया। उपरोक्त लोग पीडि़त को जान से मारने की धमकी देकर भाग गये। पुलिस ने जांच कर कार्यवाही करने की बात कही।
