फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। रविवार को पांचाल घाट स्थित नारायण आश्रम में भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष बबिता पाठक की अध्यक्षता में लोकसभा महिला सम्मेलन आयोजित हुआ। जिसमें उत्तराखंड की पूर्व राज्यपाल एवं महिला एवं बाल कल्याण कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रही। लोकसभा महिला सम्मेलन के माध्यम से मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए महिलाओं से भाजपा के समर्थन की बात की।
मुख्य अतिथि उत्तराखंड की पूर्व राज्यपाल व कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य ने कहा एक मजबूत समाज के निर्माण में महिलाओं का योगदान अविस्मरणीय है। इसीलिए भारत में महिलाओं को शक्ति व दुर्गा का रूप कहा गया है। देश की रक्षा के लिए भारत की ही वीरांगनाओं ने समय-समय पर बलिदान देकर भारत और उसकी संस्कृति की रक्षा करने का भी कार्य किया। वर्तमान में भारत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तेजी के साथ आगे बढ़ रहा है। भारत की बढ़ रही ताकत में भी महिलाओं का विशेष योगदान है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार ने जितनी भी योजनाएं चलाई अधिकतर योजनाएं महिलाओं को ध्यान में रखकर बनाई गई है। महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के लिए निरंतर सरकार द्वारा ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। प्रदेश में योगीराज में मां बहन बेटियां सुरक्षित महसूस कर रही हैं। मां बहन बेटियों पर होने वाले अत्याचारों में बड़ी कमी आई है। महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए कार्य किए गए हैं। समाज कल्याण विभाग द्वारा बेटी की शादी के लिए 51 हजार रुपए का अनुदान भी सरकार द्वारा दिया जा रहा है।
पूर्व राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉक्टर मिथिलेश अग्रवाल ने कहा प्रदेश में पिछली सपा और बसपा की सरकार में महिलाओं के साथ अन्याय दुराचार होता था, लेकिन योगीराज में गुंडे और माफियाओं पर कड़ी कार्रवाई करके महिलाओं को सुरक्षित माहौल देने का कार्य किया। भाजपा की वरिष्ठ नेता डॉ0 रजनी शरीर ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प के साथ महिलाओं का भी साथ आवश्यक है महिलाएं विकसित भारत के संकल्प को पूर्ण करने का कार्य करेंगी। महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष बबीता पाठक ने कहा महिला मोर्चा के माध्यम से महिलाओं की आवाज को बुलंद रखने के लिए भाजपा ने मंच दिया है। कार्यक्रम का संचालन पूर्व महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष चित्रा अग्निहोत्री ने किया। इटावा से आई महिला मोर्चा की जिला प्रभारी मनीषा शुक्ला, कायमगंज विधायक डॉक्टर सुरभि एवं सदर विधायक की पत्नी अनीता द्विवेदी ने भी विचार व्यक्त किया। इस अवसर पर सांसद की पत्नी सौभाग्यवती राजपूत, पूर्व महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष मीरा सिंह, सुमन राठौर, जिला उपाध्यक्ष श्वेता दुबे, प्रीति तिवारी, भाजपा जिला महामंत्री डीएस राठौर, भाजपा जिला महामंत्री हिमांशु गुप्ता, जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी, रवि बाजपेई आदि लोग मौजूद रहे। कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य ने भाजपा के आवास विकास स्थित जिला कार्यालय पहुंचकर जिला अध्यक्ष रूपेश गुप्ता एवं अन्य पदाधिकारी के साथ चुनाव की तैयारी पर बात की और उन्होंने पूरे लोकसभा क्षेत्र में अधिक से अधिक महिला मोर्चा के कार्यक्रम कराने के निर्देश दिए।
मजबूत समाज के निर्माण में महिलाओं का योगदान अविस्मरणीय है- बेबी रानी मौर्य
