
प्राचार्य ने कराया नवप्रवेशितों का आयुर्वेद से प्रथम परिचय
वरिष्ठ शिक्षकों ने दिए आयुर्वेद को आत्मसात करने के टिप्स
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। बैच 2023 के लिए नव प्रवेशित विद्यार्थियों के लिए बैच 2022 के भावी चिकित्सकों द्वारा वेल्कम पार्टी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ0 सुनील कुमार गुप्ता ने महाविद्यालय के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डाला तथा नव प्रवेशित छात्र-छात्राओं का आयुर्वेद से प्रथम परिचय कराया।
महाविद्यालय के अग्निवेश सभागार में आयोजित स्वागत समारोह में नव प्रवेशित छात्र-छात्राओं एवं एवं उनके अभिभावकों को सम्बोधित करते हुए प्राचार्य डॉ0 सुनील कुमार गुप्ता ने महाविद्यालय की उपलब्धियों का बखान करते हुए बताया कि मेजर एसडी सिंह पीजी आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल प्रदेश का सबसे पुराना आयुर्वेदिक महाविद्यालय है और शैक्षिक माहौल की दृष्टि से भी महाविद्यालय की रेटिंग प्रदेश में पहले पायदान पर है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में आयुर्वेद को पढऩे और समझने के अनुकूल माहौल है। महाविद्यालय में वरिष्ठ आयुर्वेदाचार्यों द्वारा छात्र-छात्राओं को आयुर्वेद का बड़ी सूक्ष्मता और गहनता से अध्ययन कराया जाता है। कार्यक्रम के साथ ही नव प्रवेशित बैच 2023 के विद्यार्थियों का शिक्षोपनयन संस्कार पखवारे का भी शुभारंभ हो गया है।महाविद्यालय की उप प्राचार्य डॉ0 जॉली सक्सेना ने कहा कि आयुर्वेद पढऩे के साथ-साथ सीखने और समझने का विषय है। अध्ययन के साथ साथ जितना अधिक इसे सीखने और समझने में ध्यान देंगे उतना ही आप आयुर्वेद में निपुण होते जायेंगे। डीन पीजी स्टडीज डॉ0 देबाशीष बिस्वाल ने अनुशासन के साथ-साथ सीनियर्स का सम्मान करने की सीख देते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन में इसका बहुत महत्व है। त्यिा शारीर की विभागाध्यक्ष डॉ0 अंजना दीक्षित ने कहा कि विद्यार्थियों के पांच लक्षण होते हैं। उन्होंने संस्कृत के श्लोक काकचेष्टा बकोध्यानं श्वाननिद्रा तथैव च। अल्पहारी गृहत्यागी विद्यार्थी पंचलक्षणम।। उन्होंने कहा कि इन बातों का जो जितना ज्यादा पालन करेगा वह उतना ही कुशल और योग्य बनेगा। कार्यक्रम में डॉ0 रीता सिंह, डॉ0 शीलू गुप्ता, डॉ0 निरंजन एस, डॉ0 वीएम गुप्ता, डॉ0 वीएस यादव, डॉ0 शिवओम दीक्षित, डॉ0 पंकज शुक्ला, डॉ0 मुकेश कुमार विश्वकर्मा, डॉ0 अंकुर सक्सेना, डॉ0 इरिना एस0चन्द्रन0, डॉ0 संकल्प सिंह, डॉ0 भारती पांचाल, डॉ0 नितिन शर्मा, डॉ0 पवन कुमार, डॉ0 अमृता विजयन ने भी सम्बोधित किया। नव प्रवेशित बैच 2023 बैच के विद्यार्थियों के अभिभावकों ने समस्त छात्र-छात्राओं से मन लगाकर पढऩे और अपने गुरुजनों एवं अभिभावकों के सपनों को साकार करने की तथा उज्जवल भविष्य की शुभकामनायें दीं। इससे पूर्व प्राचार्य डॉ0 सुनील कुमार गुप्ता ने भगवान धन्वन्तरि के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वन्दना एवं धन्वन्तरि वंदना से हुआ। तत्पश्चात नव प्रवेशित छात्र-छात्राओं ने अपने गुरुजनों एवं सीनियर बैच 2022 के विद्यार्थियों को अपना प्रथम परिचय दिया। बैच 2022 के विद्यार्थियों ने नव प्रवेशित विद्यार्थियों को जलपान कराया तथा उपहार भेंट किये।
