
मृतक के पिता की तहरीर पर नामदर्ज मुकदमा दर्ज
अपर पुलिस अधीक्षक ने पहुंचकर की जांच पड़ताल
कंपिल, समृद्धि न्यूज। दोस्त के साथ फसल में पानी लगाने गए युवक का शव खेत में दबा मिला। स्वजनों ने दोस्त पर ही हत्या का आरोप लगाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। फारेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र के गांव अलियापुर निवासी धनपाल सिंह का 30 वर्षीय पुत्र हरिनन्दन उर्फ बाबा शनिवार देर शाम गांव के ही नंदराम के साथ गेंहू की फसल में पानी लगाने गया था। रविवार दोपहर तक घर वापस न लौटने पर स्वजनों ने खोजबीन शुरू की, लेकिन सफलता नहीं मिली। सोमवार सुबह स्वजनों ने 112 नंबर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची 112 नंबर की पुलिस को खोजबीन के दौरान गांव से लगभग तीन सौ मीटर की दूरी पर नन्दराम के खेत के निकट नहर किनारे झाडिय़ों में हरिनन्दन की साईकिल पड़ी मिली। वहीं मृतक के भाई प्रवेश ने नन्दराम के खेत में उथली मिट्टी का ढेर देखा। हाथों से मिट्टी हटाकर देखा, तो भाई का शव देख प्रवेश की चीख निकल गयी। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गयी। अपर पुलिस अधीक्षक डॉ0 संजय कुमार, सीओ शोहराब आलम ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचकर जांच पड़ताल की। फारेंसिक टीम ने भी साक्ष्य एकत्र किए। मृतक के सिर, गाल व गर्दन पर कटे के निशान मिले। स्वजनों ने नंदराम पर हत्या कर शव खेत में छिपाने का आरोप लगाया। मृतक की जेब से मोबाइल का चार्जर, बीड़ी का बंडल व चूरन की पुडिय़ा निकली। मृतक चार भाइयों राजू, प्रवेश व पिन्टू में दूसरे नंबर का था। नन्दराम घर में ताला लगाकर परिवार सहित घर से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया आरोपित की तलाश की जा रही है। पुलिस अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है।
