राज्यपाल ने आदर्श ग्राम चिंतौरा के प्राइमरी विद्यालय, ब्लॉक टाण्डा आंगनवाड़ी केन्द्र और आर0आर0सी0 केन्द्र का किया निरीक्षण।

समृद्धि न्यूज़ लखनऊ।प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल मंगलवार को जनपद अम्बेडकरनगर में अपने एक दिवसीय भ्रमण पर हैं।भ्रमण के दौरान राज्यपाल ने आदर्श ग्राम चिंतौरा के प्राइमरी विद्यालय, ब्लॉक टाण्डा का निरीक्षण किया। राज्यपाल ने विद्यालय में अध्ययन कर रहे बच्चों से उनके पाठों की जानकारी ली,सस्वर कविता पाठ सुना और उनके पाठ्यक्रम से सवाल भी किए।उन्होंने स्मार्ट क्लास का निरीक्षण करके,स्मार्ट स्क्रीन के माध्यम से बच्चों के शिक्षण का अवलोकन किया। विद्यालय में पुस्तकालय कक्ष का निरीक्षण करते हुए राज्यपाल ने पुस्तकालय में उपलब्ध पुस्तकों की संख्या,विषयगत विविधता, बच्चों में पुस्तकों के प्रति रूचि की जानकारी लेते हुए अध्यापकों से बच्चों में पुस्तक पढ़ने की प्रवृत्ति को बढ़ावा देने पर जोर दिया। विद्यालय में राज्यपाल ने रसोई घर की व्यवस्थाओं और मध्याह्न भोजन का भी निरीक्षण किया।
राज्यपाल ने गाँव में अवस्थित आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया और आंगनवाड़ी केन्द्रों को सुविधा सम्पन्न बनाने,बच्चों के समुचित विकास में सहयोगी खेल-सामग्री एवं पठन-पाठन सामग्री की 200 आंगनवाड़ी किटों का वितरण किया। राज्यपाल ने आंगनवाड़ी केन्द्र पर उपस्थित बच्चों को मिष्ठान वितरित किया।इस अवसर पर आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों से संवाद करते हुए राज्यपाल ने कहा कि उनका दायित्व माता यशोदा की तरह है।केन्द्र पर आने वाला प्रत्येक बच्चा स्वस्थ रहे,उचित प्रोषण प्राप्त करें और प्रारम्भिक शिक्षा का ज्ञान लेकर शत प्रतिशत स्कूल में दाखिला लें,ये हर आंगनवाड़ी कार्यकत्री का दायित्व है।इसी क्रम में उन्होंने कहा कि होम्योपैथी दवा बच्चों एवं महिलाओं के लिए काफी कारगर होती हैं।कुछ दवाओ के बारे में उन्होंने कहा कि यह दवाएं आंगनबाड़ी केंद्र पर उपलब्ध कराई जाएं,जिसे एएनएम एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्री जरूरतमंद लोगों को दे सकें।राज्यपाल ने गाँव में अपशिष्ट से खाद्य निर्माण केन्द्र तथा कूड़ा प्रबन्धन हेतु आर0आर0सी0 केन्द्र का अवलोकन भी किया।इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, जिलाधिकारी अविनाश सिंह तथा अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *