2 वर्ष पूर्व पड़े चकरोड पर चिलसरी का प्रधान पुन: डलवा रहा मिट्टी

प्रधानों के लिए दुधारु गाय साबित हो रही मनरेगा योजना
कई ग्राम पंचायतों में सिर्फ कागजों पर ही चल रहा कार्य
शमशाबाद, समृद्धि न्यूज।
मनरेगा योजना प्रधानों के लिए दुधारु गाय साबित हो रही है। प्रधान इस योजना के तहत जमकर भ्रष्टाचार करने में लिप्त हैं।
ऐसा ही एक मामला विकास खंड की ग्राम पंचायत चिलसरी में देखने को मिला है। जहां ग्राम प्रधान मंगली व रोजगार सेवक मंजीत सिंह के द्वारा टिन्नू के बाग से पपड़ी खड़ंजा तक मिटटी कार्य का होना दर्शाया गया है। जिसमें चार मस्टरोल लगाकर 34 लेबर दर्शाई जा रही है, लेकिन मौके पर केवल 8-10 मजदूर ही कार्य करते हुए नजर आ रहे हंै। जिससे ग्रामीणों में आक्रोश है। वहीं ग्रामीणों ने बताया कि जिस जगह काम चल रहा है वह चकरोड 2021 में पड़ चुका है। जिसका पत्थर इस चकरोड पर लगा हुआ है। जिसमें स्पष्ट नजर आ रहा है कि इस पर 2021 में कार्य करवाया जा चुका है, लेकिन प्रधान फर्जीबाड़ा कर पुन: इस चकरोड पर मिट्टी कार्य करवा रहा है, जो कि नियम विरुद्ध है।

इसी विकास खंड की ग्राम पंचायत नगला कलार में ग्राम प्रधान श्याम दुलारे, बेरोजगार सेवक मोहिनी द्वारा दो मास्टर रोल लगाकर 20 लेबर दर्शाकर पप्पू के घर से भुज्जा के खेत तक मिट्टी कार्य होना दर्शाया जा रहा है, लेकिन मौके पर कोई भी कार्य नहीं हो रहा है ना ही वहां कोई मजदूर मौजूद मिला। इसी विकास खंड की एक और ग्राम पंचायत है नटवारा। जिसमें शिव मंदिर से लेकर नटवारा पुलिया तक नाला खुदाई व सफाई का कार्य आज पिछले 12 दिनों से कागजों में ही चल रहा है। जिसमें ग्राम प्रधान रामलड़ैते व रोजगार सेवक रीना देवी द्वारा तीन मस्टरोल दर्शाकर 25 लेबर दर्शाइ जा रही है, लेकिन मौके पर कोई कार्य नहीं हो रहा है ना ही ग्रामवासियों को इस कार्य की जानकारी है। ऐसा ही एक और फर्जीवाड़ा दनियापुर में देखने को मिल रहा है। जहां राकेश के खेत से गदनपुर सीमा तक नाला खुदाई व सफाई कार्य होना दर्शाया जा रहा है। जिसमें आज चार मस्ट रोल दर्शाकर 44 मज़दूरों की हाजिरी दर्शाई गई है, जबकि ग्रामीणों ने बताया है कि आज कोई मजदूर मौके पर कार्य करते हुए नहीं देखा गया है। यह फर्जीवाड़ा पिछले कई दिनों से जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *