स्वच्छ पानी पीने को तरस रहे कल्पवासी, चारों ओर गंदगी का साम्राज्य

मेला प्रशासन तथा जनप्रतिनिधियों के प्रति जताया आक्रोश
शमशाबाद, समृद्धि न्यूज।
ढाईघाट शमशाबाद पर रामनगरिया मेला अपने सबाब पर चल रहा है। मेले में भीड़ भी दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। वहीं यहां पर कल्पवास कर रहे भक्तों को पीने का शुद्ध पानी भी नहीं मिल पा रहा है। इससे कहीं ना कहीं मेला प्रशासन की लापरवाही की पोल खुलती नजर आ रही है। लोग मेला प्रशासन की लापरवाही को लेकर काफी नाराज है, क्योंकि वर्तमान में व्यवस्थाओं के नाम पर सिर्फ खानापूरी जारी है। जिला प्रशासन द्वारा तथा जन प्रतिनिधियों के सहयोग से बिजली, पानी, सडक़, सुरक्षा जैसी कई मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने की बात कही गई थी, लेकिन ऐसा लग रहा है जैसे कल्पवास करने वाले लोगों को सुविधाओं के नाम पर छला जा रहा हो। सुरक्षा व्यवस्था के अलावा यहां पर्याप्त लाइट की भी व्यवस्था नहीं है। वर्तमान में मेला फर्रुखाबाद तथा शाहजहांपुर परिक्षेत्र में लगा हुआ है।

यहा कल्पवास स्थल तथा रामनगरिया मेले के अलावा गंगा में गंदगी का साम्राज्य देखा जा रहा है। कल तक मेले में फैले गंदगी के साम्राज्य को लेकर आक्रोश देखा जा रहा था, लेकिन आजकल मेला परिसर में पीने के पानी की समस्या विकराल होती जा रही है। पेयजल व्यवस्था हेतु जगह जगह हैंडपंप लगाए गए थे। आधिकांश खराब होने लगे। खराब नलों से पानी भी निकलना बंद हो गया। पीने के पानी के लिए कल्पवासियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। संतों का कहना है मेला प्रशासन की लापरवाही के चलते यहां पेयजल व्यवस्था विकराल हो गई। मालूम हो कि विगत दिनों पूर्व साधु संतों तथा कल्पवासियों ने मेला प्रशासन से व्याप्त गंदगी साफ कराए जाने की मांग की थी, लेकिन उनकी बातों पर कोई ध्यान नहीं दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *