बिहार में पूर्णिया सांसद पप्पू यादव को धमकी भरा वीडियो मैसेज भेजने वाले बदमाश को पुलिस ने बिहार के आरा से गिरफ्तार किया है. आरोपी ने हाल ही में एक वीडियो मैसेज पप्पू यादव के सहयोगी को भेजा था. इस संबंध में पप्पू यादव ने पूर्णिया पुलिस में शिकायत दी थी. इसके बाद पुलिस ने आरोपी के मोबाइल नंबर को ट्रैक करते हुए सोमवार की सुबह आरा जिले के डुमरिया शाहपुर गांव से गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान रामबाबू राय के रूप में हुई है. हालांकि पुलिस की जांच में इस बदमाश का भी कोई कनेक्शन लॉरेंस बिश्नोई के साथ नहीं मिला है. आरोपी ने रविवार को ही सांसद पप्पू यादव के अर्जुन भवन स्थित कार्यालय में काम करने वाले एक कर्मचारी को वीडियो मैसेज भेजा था. इस वीडियो के साथ एक मैसेज भी दिया था. इसमें लिखा था कि वह लॉरेंस गैंग के लोग हैं और उन्हें पप्पू यादव को मारने का ऑर्डर हैं. इसके लिए वह पटना पहुंच चुके हैं और पांच से छह दिन के अंदर मार देंगे. इस मैसेज में आरोपी ने लिखा है कि अपने सांसद को कहो कि वह बिश्नोई साहब से माफी मांग ले. कर्मचारी ने यह मैसेज तत्काल पप्पू यादव तक पहुंचा दी. पुलिस के मुताबिक आरोपी से कड़ाई से पूछताछ की गई है. इस दौरान उसका कोई कनेक्शन लॉरेंस बिश्नोई या उसकी गैंग के साथ नहीं मिला है.
