पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव को जान से मारने की धमकी देने वाले शातिर युवक को पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है. युवक ने अपना नाम महेश पांडेय बताया है. पूर्णिया एसपी कार्तिकेय शर्मा ने शनिवार इस संबंध में जानकारी दी है. एसपी ने बताया कि पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव को धमकी देने के मामले में पुलिस लगातार अनुसंधान कर रही थी. इसी कड़ी में दिल्ली का रहने वाला महेश पांडेय पुलिस के रडार में आया. दिल्ली से ही महेश पांडेय को गिरफ्तार कर लिया गया. शुरुआती पूछताछ में महेश पांडेय ने कहा कि उसका लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कोई लेना-देना नहीं है. शातिर के बारे में आगे कहा कि इस व्यक्ति का कई माननीयों से सीधा संपर्क भी रहा है. यह एम्स और मंत्रालय के कैंटीन में भी काम कर चुका है. वह फिलहाल कहीं काम नहीं कर रहा था. प्रारंभिक जांच में अभी यह सब सामने आया है. हम लोग कोर्ट में प्रस्तुत करेंगे और रिमांड में लेकर फिर पूछताछ की जाएगी. महेश पांडेय का संपर्क सांसद के कई सहयोगियों से भी रहा है. इसके साथ ही अन्य जितने भी एंगल हैं उस पर जांच की जा रही है. एसपी ने कहा कि कई नंबरों से धमकी दी गई थी तो जिस नंबर से पहली बार धमकी दी गई थी उसी में यह गिरफ्तारी की गई है. जिस नंबर से धमकी दी गई थी वह नंबर दुबई का है. महेश पांडेय की साली दुबई में रहती हैं. दुबई से ही सिम कार्ड लिया गया था.
पप्पू यादव ने शनिवार को भी दर्ज कराई शिकायत
इधर, पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने शनिवार को भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से दी जा रही धमकी को लेकर पूर्णिया के सहायक खजांची थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। सांसद पप्पू यादव ने थाने में दो लिखित आवेदन दिए हैं। इसमें से एक आवेदन में लॉरेंस बिश्नोई गैंग तो दूसरे आवेदन में अमन साहू और मयंक सिंह के खिलाफ प्राथमिक की दर्ज करने का अनुरोध किया है। सहायक खजांची थाना अध्यक्ष शशि कुमार भगत ने बताया कि सांसद ने दो लिखित आवेदन दिए हैं। लेकिन संसद का आवास केहाट थाना क्षेत्र में रहने के कारण इस आवेदन को वहां भेजा गया है।
गूगल से खोजा सांसद यादव का नंबर
इसके बाद आरोपी ने गूगल से पूर्णिया सांसद पप्पू यादव का नंबर खोजा और उस पर संदेश भेजा। पुलिस ने मामले में यूएई के उक्त सिम कार्ड और व्हाट्सएप के लिए इस्तेमाल हो रहे मोबाइल फोन को बरामद कर लिया है। इसके साथ ही आरोपी की पत्नी के मोबाइल और सिम कार्ड को भी जब्त कर लिया है।
