ग्रेटर नोएडा: पत्नी को जिंदा जलाने वाले आरोपी विपिन के पुलिस ने पैर में मारी गोली, बोला-मुझे नहीं है पछतावा

नोएडा: गौतम बुद्ध नगर जिले के ग्रेटर नोएडा में हुए निक्की हत्याकांड के आरोपी का पुलिस ने एनकाउंटर किया है। भागने के दौरान आरोपी पति पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया है। ग्रेटर नोएडा में अपनी पत्नी को अपनी मां के साथ मिलकर जिंदा जलाकर मारने वाले विपिन का पुलिस ने एनकाउंटर कर दिया। ये एनकाउंटर उस समय किया गया, जब पुलिस उसे हत्या में इस्तेमाल केमिकल की रिकवरी करने के लिए घटनास्थल पर लेकर जा रही थी। सिरसा चौराहे के पास विपिन गाड़ी से कूदने की कोशिश करने लगा।

इसके साथ ही उसने सुरक्षाकर्मियों की पिस्टल छीनकर भागने की भी कोशिश की,तभी पुलिस ने उसका एनकाउंटर कर दिया। इस दौरान कासना एसएचओ ने उसके पैर में गोली मारी। इससे वह घायल हो गया, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां जब उससे पूछा गया कि क्या उसे अपनी पत्नी को मारने और इस घटना को अंजाम देने का पछतावा है तो उसने साफतौर पर मना कर दिया कि उसे कोई पछतावा नहीं है। उसने कहा, मुझे कोई पछतावा नहीं है, मैंने उसे नहीं मारा है, वह खुद मर गई, पति-पत्नी में अक्सर झगड़े होते रहते हैं। यह बहुत आम बात है। वहीं, दहेज की मांग को लेकर पत्नी निक्की की हत्या के आरोपी विपिन भाटी ने अस्पताल में कहा कि मैंने नहीं मारा है न मैंने कुछ किया है वो अपने आप आत्महत्या की है, पत्नी और पति में हर जगह लड़ाई होती है ये कोई नई बात नहीं है। विपिन की पुलिस से हुई इस मुठभेड़ के बाद मृतका निक्की के पिता और परिजन से बात की गई तो उन्होंने आरोपियों को फांसी दिए जाने की मांग की। निक्की के पिता ने कहा कि सिर्फ पैर में गोली मारने से काम नहीं चलेगा, आरोपियों को फांसी की सजा होनी चाहिए। जैसे हमारी बच्ची को मारा, वैसे उन चारों को मौत की सजा मिलनी चाहिए और उनके घर पर बुलडोजर चलाया जाना चाहिए।

यह है मामला: गौतमबुद्धनगर जिले के कासना कोतवाली इलाके के सिरसा गांव में दहेज की मांग को लेकर विवाहिता की कू्ररता से हत्या कर दी गई। ससुराल पक्ष के लोगों ने विवाहिता को बर्बरता से पीटा और फिर उस पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर जिंदा जला दिया। गंभीर रूप से झुलसने पर महिला की बहन उसे पड़ोसियों की मदद से अस्पताल ले गई, दो अस्पताल बदले, लेकिन इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। दिल दहलाने वाली घटना के बाद मृतका महिला की बहन और परिजनों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। रूपबास गांव के रहने वाले भिकारी सिंह ने बताया कि उनकी पुत्री कंचन (29) और निक्की (27) की शादी दिसंबर 2016 में सिरसा गांव के रहने वाले रोहित और उसके भाई विपिन से हिंदू रीति रिवाज से हुई थी। शादी में स्कॉर्पियो गाड़ी और सभी सामान दिया था, लेकिन शादी के बाद से ही ससुराल के लोग 35 लाख रुपये की मांग करने लगे। शादी के बाद से ही पति विपिन भाटी, जेठ रोहित भाटी, सास दया और ससुर सत्यवीर लगातार 35 लाख रुपये अतिरिक्त दहेज मांग रहे थे। पीड़ित परिवार ने आरोपियों की मांग पूरी करने के लिए एक और कार भी दे दी, लेकिन प्रताडऩा का सिलसिला जारी रहा। दोनों बहनों के साथ ससुराल के लोग मारपीट करते थे। कई बार पंचायत कर समझौता किया, लेकिन आरोपियों ने समझौते को नहीं माना।
मृतका निक्की की सास और उसके पति विपिन ने उसकी 21 अगस्त को जिंदा जलाकर हत्या कर दी थी। इस मामले में निक्की के परिजन बेटी को इंसाफ दिलाने के लिए धरना कर रहे हैं, अब उन्होंने आरोपियों को फांसी दिए जाने और उनके घर पर बुलडोजर चलाने की मांग की है। निक्की की बहन कंचन की शादी भी निक्की के साथ एक ही परिवार के दो भाइयों से हुई थी। कंचन ने विपिन को लेकर बताया था कि उसका कई और लड़कियों के साथ चक्कर चल रहा है, इसी वजह से विपिन और निक्की के बीच विवाद हुआ करते थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *