Headlines

जनसुनवाई का उद्देश्य महिलाओं की मदद,न्याय दिलाना तथा उत्पीड़न से बचाना-शाही

उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग सदस्य ऋतु शाही ने जनसुनवाई कार्यक्रम में की पीड़ित महिलाओं की सुनवाई

समृद्धि न्यूज़ अयोध्या। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती ऋतु शाही की उपस्थिति में गुरुवार को सर्किट हाउस में जनसुनवाई की गयी।जनसुनवाई के दौरान कुल 38 मामले आए, जिसमें सदस्य श्रीमती शाही द्वारा 18 प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण करा दिया गया जबकि अन्य प्रकरणों के निस्तारण के लिए सम्बंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।सर्किट हाउस के सभागार में पूर्वाह्न करीब 11 बजे से शुरू हुई जनसुनवाई के दौरान घरेलू हिंसा,मारपीट,पुलिस द्वारा दुर्व्यवहार,पुलिस विभाग से सम्बंधित,कब्जे से सम्बंधित, दहेज उत्पीड़न व अन्य से सम्बंधित प्रकरण आए,जिन्हें सदस्य श्रीमती शाही ने बहुत ही गम्भीरता के साथ सुना।मामले में शिकायतकर्ता को सुनने के साथ ही उन्होंने दूसरे पक्ष की भूमिका को भी जानने का प्रयास किया।जिन मामलों में दोनों पक्षों को मौके पर ही सुन लिया गया उनके तत्काल निस्तारण का भरपूर प्रयास किया गया और जिनमें दूसरे पक्ष की जानकारी नहीं हो सकी,उनमें जांच के साथ ही नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दे दिए गए।जनसुनवाई कार्यक्रम की समाप्ति के बाद आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती शाही ने कहा कि समाज में पीड़ित महिलाओं को न्याय तथा सरकार द्वारा चलायी जा रही योजनाओं का भी लाभ दिलाना आयोग का उद्देश्य है जिसके चलते प्रदेश सरकार के निर्देश पर राज्य महिला आयोग द्वारा जनसुनवाई कार्यक्रम की शुरुआत की गई है।उन्होंने कहा कि जनसुनवाई के दौरान जो भी पीड़ित महिलाएं आयी है उनकी समस्याओं का तुरन्त निस्तारण करने का प्रयास किया जा रहा है।सम्बंधित विभाग के अधिकारियों से तत्काल वार्ता कर प्रकरण को निस्तारित करने के लिए निर्देशित किया गया।इसके अलावा बहुत सारे मामलों को आपसी वार्ता से भी निस्तारित कराने का प्रयास किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि इसके साथ ही पीड़ित महिलाओं व उनके बच्चों के लिए सरकार द्वारा चलायी जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया है,जिससे पीड़ित पक्ष व उनके आश्रितों को किसी प्रकार की असुविधा न हों।सदस्य श्रीमती शाही द्वारा सम्बंधित विभाग के अधिकारियों को त्वरित निस्तारण हेतु भी आदेश भी दिए गए है।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में महिलाओं की सुनवाई जनपद स्तर व मुख्यालय स्तर पर गंम्भीरता के साथ की जाती है। यदि पीड़ित को लग रहा है कि कार्यवाही धीरे चल रही है तो उसके लिए राज्य महिला आयोग उन पीड़ित महिलाओं के साथ है और राज्य महिला आयोग उनके लिए त्वरित कार्यवाही के लिए कार्य कर रहा है।उन्होंने कहा कि जनसुनवाई के आयोजन का मुख्य उद्देश्य पीड़ित महिलाओं की सहायता करते हुए उनको न्याय दिलाना व उत्पीड़न से बचाना है।श्रीमती शाही ने कहा कि महिलाओं के उत्पीड़न से सम्बंधित प्रकरणों की सुनवाई एवं निस्तारण हेतु उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग के सदस्यों द्वारा प्रत्येक जनपद में जनसुनवाई का आयोजन किया जाता है,जिसमें महिलाएं स्वयं उपस्थित होकर अपनी शिकायतें कर सकती है।जनसुनवाई कार्यक्रम के बाद उपरांत सदस्य श्रीमती शाही द्वारा विभिन्न स्थानों का निरीक्षण भी किया गया।
जनसुनवाई के दौरान जिला प्रोबेशन अधिकारी अश्विनी कुमार व जिला सूचना अधिकारी संतोष कुमार द्विवेदी सहित सम्बंधित विभाग के अधिकारी/कर्मचारी,शिकायतकर्ता व उनके परिजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *