बीते दिन रोटावेटर से कटकर अवनीश कुशवाहा की हुई थी मौत
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। थाना मऊदरवाजा क्षेत्र में एक ट्रैक्टर चालक की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतक के परिजनों ने गुरुवार को थाने पहुंचकर नामजद लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। उनका दावा है कि ट्रैक्टर के किराए को लेकर हुए विवाद के चलते उनके बेटे की रंजिशन हत्या की गई है।
जानकारी के अनुसार घटना 7 नवंबर की है। जब ट्रैक्टर चालक अवनीश कुशवाहा की रोटावेटर से कटकर मौत हो गई थी। मृतक के पिता बेचेलाल ने गुरुवार को थाने में दी तहरीर में बताया कि उनका बेटा अवनीश कुशवाहा ट्रैक्टर चलाकर जीवनयापन करता था। वह गांव नैनिया नगला नेकपुर खुर्द निवासी व्यक्ति का खेत जोतता था और फसल मंडी तक ले जाता था। बेचेलाल के अनुसार करीब एक माह पहले ट्रैक्टर के किराए के 30,000 रुपये को लेकर दो व्यक्तियों से अवनीश का झगड़ा हुआ था और उसे पीटा भी गया था। 7 नवंबर की शाम करीब 6 बजे अवनीश को गांव नैनिया नगला निवासी एक व्यक्ति ने खेत जोतने के लिए बुलाया था। अवनीश ट्रैक्टर रोटावेटर लेकर खेत पर गया था। परिजनों का आरोप है कि वहां नामजद आरोपियों ने मिलकर रंजिशन अवनीश की हत्या कर दी। बेचेलाल को 7 नवंबर की रात 11 बजे घटना की जानकारी मिली। जब वे मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि उनके बेटे का सिर रोटावेटर में पीछे से फंसा हुआ था। घटनास्थल पर पुलिस भी मौजूद थी। परिजनों ने बताया कि जिस व्यक्ति ने अवनीश को खेत जोतने के लिए बुलाया था वह मौके से फरार था। पीडि़त परिवार ने जानबूझकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। मऊदरवाजा थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। जांच के बाद कार्यवाही की जायेगी।
मृतक चालक के परिजन पहुंचे थाने, हत्या का आरोप लगाकर दी तहरीर
