समृद्धि न्यूज। कानपुर देहात में स्कूल प्रबंधक ने कक्षा दो की छात्रा के साथ वैन में घिनौनी हरकत करते हुए अश्लीलता की और निजी अंग में चोट पहुंचाई। साथ ही किसी को बताने पर मारने की धमकी भी दी। पीडि़ता बच्ची के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी स्कूल प्रबंधन की तलाश शुरु कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, रनियां थाना क्षेत्र में कक्षा दो की छात्रा अपने भाई के साथ रनियां-मैथा मार्ग पर परसौली चौराहे के पास स्थित एक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में पढऩे जाती है। स्कूल प्रबंधक रघुवीर कुशवाहा खुद अपनी वैन से बच्चों को लाने व भेजने का काम करता है। सोमवार को बच्ची का भाई स्कूल नहीं गया था। छुट्टी के बाद बच्ची जब घर पहुंची तो वह गुमशुम थी। कुछ देर बाद उसे बुखार भी आ गया। परिजनों ने बच्ची से जब पूछा तो उसने बताया कि वह कई बच्चों के साथ वैन से घर आ रही थी। रास्ते में सभी अपने-अपने घर चले गये, जब वह अकेले बची तो प्रबंधक ने उसके साथ अश्लीलता की और निजी अंग में चोट पहुंचाई। इसके बाद मंगलवार को रनियां थाने पहुंचकर उन्होंने स्कूल प्रबंधक के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर स्कूल प्रबंधक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरु कर दी है। पीडि़ता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है।
हमीरपुर: कक्षा चार की छात्रा से दुष्कर्म
वहीं हमीरपुर के मुस्करा थाना क्षेत्र के एक निजी स्कूल में कक्षा चौथी की छात्रा के साथ दुष्कर्म किया गया, जिससे क्षेत्र में लोगों में काफी रोष व्याप्त है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर एक आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन आरोपी मौके से फरार है।
जानकारी के मुताबिक, बीते दिन एक गांव की कक्षा चौथी की छात्रा स्कूल में पढऩे गई थी। दोपहर में लंच के समय एक युवक ने किसी बहाने से छात्रा को स्कूल के बाथरूम में ले जाकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। घटना के बाद डरी सहमी छात्रा रोते हुए घर पहुंची और अपनी मां को आपबीती सुनाई। परिजनों ने तुरंत मुस्करा थाने में तहरीर दी और पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र सौंपा। एसपी के आदेश पर पुलिस ने तुरन्त मुकदमा दर्ज कर लिया।
वहीं परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाये है। परिजनों का कहना है कि उन्होंने स्कूल के सीसीटीवी फुटेज देखने की मांग की, लेकिन प्रबंधन ने कैमरे खराब होने का हवाला देकर फुटेज दिखाने से इनकार कर दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि स्कूल में 15 सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, जिनमें से कई खराब पाए गए हैं। पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है।
