चूल्हे की चिंगारी बनी शोला, आधा दर्जन झोपडिय़ां राख

नायब तहसीलदार व क्षेत्रीय लेखपाल ने पहुंचकर की जांच
शमशाबाद, समृद्धि न्यूज। खाना बनाए जाने के दौरान चूल्हे से निकली चिंगारी से आधा दर्जन झोपडिय़ां जलकर राख हो गयीं। जिससे हजारों का नुकसान हो गया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।
जानकारी के अनुसार शमशाबाद थाना क्षेत्र की गंगा कटरी में बसे गांव पैलानी दक्षिण जहां शुक्रवार की सुबह दस बजे के करीब एक परिवार की महिला चूल्हे पर खाना बना रही थी। अचानक निकली चिंगारी जो झोपड़ी के ऊपर जा गिरी। परिणामस्वरुप झोपडिय़ा में आग लग गई। इस आगजनी की घटना में आधा दर्जन झोपडिय़ां जलकर राख हो गईं और हजारों रुपए की घर गृहस्थी का समान जलकर राख हो गया। इस आगजनी की घटना में ग्रामीण मुजीब पुत्र मुशीर, मुशीर पुत्र सूबेदार, अकबन पुत्र मुशीर, युसूफ पुत्र हबीर, सरवर पुत्र हबीर तथा सरूपन पत्नी हबीर निवासीगण पैलानी दक्षिण की झोपडिय़ां शामिल हैं। जैसे तैसे बच्चों को बाहर निकाला गया। जल रही झोपडिय़ों को देखकर महिलाओं में चीख पुकार मच गयी। ग्रामीणों के अनुसार इस आगजनी की घटना में सभी लोगों की घर गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। लगभग 50 हजार रूपये का नुकसान हुआ है। ग्रामीणों ने डीजल इंजन पंप सेट चलाकर जैसे तैसे आगजनी की घटना पर काबू पाया। इस आगजनी की घटना में मुशीर, अकबन तथा मुजीब का लगभग 25 हजार रूपये का नुकसान हुआ। 8 बोरी गेहूं, कपड़े, राशन, रजाई, गद्दा बिस्तर, चारपाई तथा बक्से में रखा सामान जल गया। यूसुफ , सरवर, सरूपन का लगभग 15 हजार रूपये का नुकसान हुआ। जिसमें रजाई गद्दा, बिस्तर, चारपाई, कपड़े, तोडिय़ां बिछिया एवं राशन बताया गया है। आगजनी की घटना की सूचना ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान जुबैर खाँ को दी, तो उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत कराया। उप जिलाधिकारी कायमगंज के आदेशों के बाद पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा तथा आगजानी की घटना की जांच पड़ताल की। मौके पर शमशाबाद पुलिस के अलावा नायब तहसीलदार, कायमगंज एवं क्षेत्रीय लेखपाल सौरव कुमार मौजूद रहे। आगजनी की घटना के दौरान महिलाएं रोती बिलखतीं और किस्मत को कोसती नजर आईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *