फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। जिला गंगा समिति राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के तत्वावधान में गंगा संरक्षण एवं जल प्रबंधन हेतु मदन मोहन कनोडिया बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं को अमेठी कोहना स्थित नवनिर्मित एसटीपी का भ्रमण कराया गया। छात्राओं को भ्रमण के माध्यम से शहर से निकले अशुद्ध पानी को स्वच्छ करने की प्रणाली को प्रक्रिया सहित समझाया गया। प्रधानाचार्या सुमन त्रिपाठी ने सभी छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि हम सभी को मिलकर पर्यावरण संरक्षण करने के लिए प्रयास करना चाहिए, जिसके लिए हमें सरकार द्वारा चलाई जा रही सभी योजनाओं के बारे में पूर्ण रूप से जानकारी होनी चाहिए। हम सभी को मिलकर अपने स्तर से गंगा नदी एवं अन्य नदियों व पर्यावरण को संरक्षित करने के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए। भ्रमण कार्यक्रम के माध्यम से सभी छात्राओं को सीखकर एक प्रोजेक्ट बनाकर कार्य करना चाहिए। जिला परियोजना अधिकारी नमामि गंगे निहारिका पटेल ने कहा कि जनपद में बने नवनिर्मित एसटीपी के द्वारा बहुत अधिक मात्रा में अशुद्ध पानी को शुद्ध किया जाएगा, जो कि हमारे जनपद के लिए एक गौरव की बात है। प्रोजेक्ट वर्क तैयार कर रही विद्यालय की अध्यापिकाएं पारुल जैन, पूनम शुक्ला, दर्शना शुक्ला ने भी अपने विचार प्रस्तुत किये। उनके द्वारा कचरा प्रबंधन एवं सस्टेनेबिलिटी, जैव विविधता, जल संरक्षण आदि पर प्रोजेक्ट तैयार कर विद्यालय की छात्रों को भविष्य में आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इस अवसर पर वैभव श्रीवास्तव एवं उनकी टीम के लोग मौजूद रहे।
नवनिर्मित एसटीपी प्लांट का छात्राओं को कराया गया भ्रमण
