इलाज के लिए 10 किलोमीटर दूर सीएचसी की दौड़ लगा रहे ग्रामीण
नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। ब्लॉक क्षेत्र के सलेमपुर दूंदेमई गांव का उप स्वास्थ्य केंद्र पिछले छह महीने से बंद है। इसके चलते ग्रामीणों को दवा और इलाज के लिए 10 किलोमीटर दूर नवाबगंज या कायमगंज जाना पड़ रहा है। जिससे उन्हें काफी परेशानी हो रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें केंद्र्र बंद होने का कारण नहीं बताया गया है। आशा कार्यकर्ता पुष्पा देवी के अनुसार कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (सीएचओ)रेशु पाल छह महीने के अवकाश पर हैं। ग्रामीणों की मांग है कि यदि डॉक्टर छुट्टी पर हैं, तो उनकी जगह किसी अन्य स्वास्थ्यकर्मी को नियुक्त किया जाना चाहिए। ग्रामीण इरफान खान ने बताया कि 15 दिन पहले उन्हें खांसी थी और वे दवा लेने आए थे, लेकिन केंद्र पर ताला लगा मिला। उन्हें 10 किलोमीटर दूर कायमगंज जाना पड़ा। आज भी जब वे आए, तो केंद्र बंद था। लगभग 70 वर्षीय ग्रामीण कदीर खान ने अपनी परेशानी साझा करते हुए कहा कि उन्हें बुखार है और वे यहीं दवा लेना चाहते थे। केंद्र बंद होने के कारण उन्हें नवाबगंज जाने में दिक्कत हो रही है। उन्होंने सवाल किया कि यह केंद्र कब दोबारा खुलेगा। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि लंबे समय से बंद रहने के कारण इस उप स्वास्थ्य केंद्र्र में चोरी भी हो चुकी है। चोर इनवर्टर और बैटरी चुरा ले गए थे। घटना के बाद पुलिस और सीएचओ रेशु पाल मौके पर पहुंची थीं, लेकिन चोरी हुए सामान का अब तक पता नहीं चल पाया है।
सलेमपुर दूंदेमई स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र में पिछले छह महीने से जड़ा ताला
