ओवर साइज रोलर होने के कारण रविवार को ठप हो गया पेराई सत्र
कायमगंज, समृद्धि न्यूज। शुक्रवार से चीनी मिल की पेराई का कार्य ठप होने से किसान परेशान हैं। मिल द्वारा गाजियाबाद से मंगाया गया रोलर ओवर साइज होने के कारण दगा दे गया। जिसे दुरस्त करने में अधिकारी व कर्मचारी जुटे हुए हैं। मिल के मंगलवार तक शुरू होने की सम्भावनाएं जताई जा रही हैं। बॉयलर का प्रेशर उठाने के लिए बेगास बाहर से मंगाई गई हैै।
दि किसान सहकारी चीनी मिल का पेराई सत्र इस बार जर्जर मशीनों के साथ न देने के कारण अव्यवस्थाओं की भेंट चढ़ रहा है। आए दिन तकनीकी खराबी और बॉयलर में प्रेशर न बन पाने के कारण पेराई कार्य सुचारू रूप से नहीं हो पा रहा है। जिससे मिल के कर्मचारियों व अधिकारियों के साथ-साथ किसान भी परेशान हैं। शुक्रवार की सुबह नौ बजे मिल में गन्ने की पेराई करने वाला चार नम्बर रोलर किसी लोहे की भारी वस्तु आ जाने के कारण खराब हो गया। जिससे उसमें बैगास को बॉयलर तक पहुंचाना बंद कर दिया। बॉयलर का प्रेशर डाउन हो जाने से मिल का चक्का जाम हो गया था।
शनिवार शाम तक गाजियाबाद से नया रोलर मंगाकर पेराई चालू की गई किन्तु ओवर साइज रोलर होने के कारण रविवार अपरान्ह ११ बजे पेराई फिर बंद हो गई। जो सोमवार तक चालू न हो सकी। मिल के मुख्य अभियन्ता आरएल बघेल ने बताया कि रोलर को दुरस्त कराने का कार्य चल रहा है। जिसके जल्द ठीक होने पर पुन: पेराई कार्य शुरू हो सकेगा। उन्होंने बताया कि बाहर से मंगाए गए नए रोलर का डाई मीटर अधिक था। जिस कारण बॉयलर में बैगास कम पहुंच पा रही थी और प्रेशर नहीं बन पा रहा था। उन्होंने बताया कि प्रेशर बनाने के लिए बाहर से बेगास मंगाई गई है। जिसके देर शाम तक पहुंचने की सम्भावना है। इधर रोज. रोज मिल का चक्का जाम हो जाने के कारण मिल यार्ड में गन्ना लदे ट्रैक्टरों की संख्या बढ़ती जा रही है। बदलते मौसम में किसान ट्रालियों के नीचे सोने को मजबूर हैं। वहीं उनका गन्ना भी सूखने लगा है। जिससे वह अधिक चिन्तित नजर आ रहे हैं। साथ ही ट्रैक्टरों का अतिरिक्त किराया भी उन पर चढ़ता जा रहा है। किसानों का कहना है कि गन्ने की फसल समय से न कट पाने के कारण वह मक्का व धान की रोपाई में देरी हो रही है। जिससे पैदावार की नुकसान से इंकार नहीं किया जा सकता है।
गन्ने के साथ आई लोहे की वस्तु से कटा रोलर
चीनी मिल के मुख्य अभियन्ता आर एल बघेल ने बताया कि गन्ने के साथ-साथ किसी लोहे की भारी वस्तु सरिया, बोल्ट आदि के मशीन में आ जाने के कारण रोलर कट गया है। उन्होंने बताया कि वैसे तो अन्य फैक्ट्रियों में मैग्नेटिक सेफरेटर लगे होते हैं जो गन्ने के साथ किसी भी लोही की वस्तु को खींच कर अलग कर देते हैं। इस मिल में पुरानी मशीनें होने के कारण वह सुविधा नहीं है। जिस कारण अक्सर रोलर खराब हो जाते हैं और पेराई कार्य बाधित होता है।
