अमृतपुर, समृद्धि न्यूज। कस्बा अमृतपुर में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। बीती रात पुराने बस अड्डे के पास रखे 250 केवीए के बिजली ट्रांसफार्मर को चोरों ने निशाना बना लिया। चोर ट्रांसफार्मर को तोडक़र उसमें भरा कीमती तेल और कॉपर निकालकर ले गए। घटना से क्षेत्र में हडक़ंप मच गया है।
बताया गया है कि जिस स्थान पर ट्रांसफार्मर रखा था वह अमृतपुर पुलिस चौकी से महज लगभग 300 मीटर की दूरी पर है। इसके बावजूद चोरों ने बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दिया। सुबह जब स्थानीय लोगों ने ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त देखा तो बिजली विभाग को सूचना दी गई। प्रभारी जेई शिवम तिवारी के अनुसार चोरों ने करीब ढाई लाख रुपये का नुकसान पहुंचाया है। ट्रांसफार्मर 250 केवीए का था। अवर अभियंता हर्ष कुमार ने अमृतपुर थाना पुलिस को शिकायती पत्र सौंपकर ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त कर उसके अंदर से कीमती सामान चोरी किए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करने की बात कही है। गौरतलब है कि अमृतपुर थाना क्षेत्र में बीते कुछ दिनों से चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। कुछ दिन पूर्व स्टेट बैंक के पास खड़ी एक ट्राली को चोर उठा ले गए थे। जिसका अब तक कोई सुराग नहीं लग सका है। इससे पहले इसी क्षेत्र में एक मकान के बाहर बंधी भैंस को खोलने का प्रयास किया गया था। विरोध करने पर भैंस स्वामी पर हमला कर दिया गया जिससे वह घायल हो गए थे। लगातार हो रही वारदातों से व्यापारियों और आम नागरिकों में भय का माहौल व्याप्त है। कई दुकानदारों ने सुरक्षा के मद्देनजर रात में अपनी दुकानों पर ही रुकना शुरू कर दिया है। क्षेत्रीय लोगों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा करने की मांग की है। चोरी की बढ़ती घटनाओं ने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले का खुलासा कब तक कर पाती है और क्षेत्रवासियों को राहत मिलती है या नहीं।
चोरों के हौसले बुलंद, 250 केवीए का ट्रांसफार्मर तोडक़र तेल व कॉपर किया चोरी
