टप्पेबाजों ने महिला के पार किये जेवरात, नकदी व मोबाइल

कंपिल, समृद्धि न्यूज। बाइक सवारों टप्पेबाजों ने महिला के साथ टप्पेबाजी कर जेवर, नगदी व मोबाइल पार कर दिए। महिला ने रोते हुए थाने पहुंच मामले की जानकारी दी। पुलिस ने थाने सहित आसपास के सीसीटीवी खंगाल महिला के साथ टप्पेबाजों की तलाश की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार गांव बिहारीपुर निवासी नन्हीं देवी बुधवार दोपहर जनपद एटा के थाना नयागांव के गांव विशुन नगला निवासी मौसिया सास की लडक़ी की शादी समारोह में शामिल होकर घर वापस जा रही थी। घर जाने के लिए महिला कंपिल चौराहे पर टेम्पो का इंतजार कर रही थी। उसी समय बाइक पर सवार दो व्यक्ति उनके पास आए और उनके ही गांव का रास्ता पूछने लगे। महिला गांव तक का रास्ता बताने की बात कहकर उनके साथ बैठ गयी। कंपिल बदायूं मार्ग पर कारव मोड़ के निकट टप्पेबाजों ने उन्हें सडक़ खराब होने की बात पर गुमराह कर उनसे कुंडल, खड़ुआ, मोबाइल व तीन सौ रुपए एक बैग में रखवा लिए। कुछ दूरी पर जाकर उन्होंने बैग को बदलकर महिला को बाइक से उतार दिया। दोनों बाइक सवार कंपिल की तरफ भाग गए। कुछ समय बाद महिला को स्वयं के ठगे जाने का एहसास हुआ। महिला ने बैग खोलकर देखा तो उसमें फटे पुराने कपड़े भरे थे। मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गयी। महिला ने रोते हुए थाने पहुंच मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने थाने सहित अन्य जगह के सीसीटीवी खंगाले, लेकिन सफलता नहीं मिली। महिला ने मामले की तहरीर पुलिस को दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। थानाध्यक्ष जितेंद्र चौधरी ने बताया मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *