दिल्ली कूच करने की बनाई रणनीति
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की मासिक बैठक शिक्षक भवन फतेहगढ़ में जिलाध्यक्ष अवनीश चौहान की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। संचालन जिला मंत्री राजकिशोर शुक्ल ने किया। टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के बैनर तले आगामी 5 दिसंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में टीईटी अनिवार्यता के विरोध में आयोजित महारैली में जनपद से एक हजार शिक्षक प्रतिभाग करेंगे। संघ की जिला कार्यकारिणी एवं सभी विकास खंडों के पदाधिकारियों की संयुक्त बैठक में रणनीति बनाई गई। प्रांतीय नेतृत्व के निर्देश पर सभी विकास खंडों से दो-दो बसों को ले जाने की तैयारी को अंतिम रूप दिया गया। जिलाध्यक्ष अवनीश चौहान ने कहा कि शिक्षक एक सितंबर को सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के विरुद्ध एक दिवसीय धरना प्रदर्शन करेंगे, जिसमें सभी कार्यरत शिक्षकों को दो साल के भीतर टीईटी पास करना होगा अन्यथा उन्हें सेवा से हटा दिया जाएगा। टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रांतीय अध्यक्ष डॉ0 दिनेश चन्द्र शर्मा की मांग है कि वर्ष 2011 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को टीईटी की अनिवार्यता से छूट दी जाये, क्योंकि उनकी नियुक्ति के समय टीईटी लागू नहीं थी। लगभग तीन दशक पहले नियुक्ति की सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद ही उन्हें तैनाती दी गई और वे अभी भी सफलतापूर्वक शिक्षण कार्य कर रहे हैं। जिला मंत्री राजकिशोर शुक्ल ने बताया कि चार दिसंबर को जिले से एक हजार शिक्षक बसों द्वारा दिल्ली कूच करेंगे। सभी पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई। नवागंतुक जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह से मुलाकात की। बीएसए ने एसआईआर पर संघ से सहयोग मांगा। उन्होंने आगामी 28 नवंबर से अर्धवार्षिक परीक्षाएं एवं दिसंबर माह में निपुण एसेसमेंट टेस्ट को सफलता पूर्वक संपन्न कराने के लिए भी निर्देशित किया। संघ ने पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए गत दिवस शादी विवाह आदि के समय में भी सभी प्रकार के अवकाश लेने पर रोक लगाने पर घोर आपत्ति जताई जिस पर बीएसए ने बताया कि डीएम ने एसआईआर के चलते अवकाश पर रोक लगाई है फिर भी जरूरत पडऩे पर शिक्षकों को अवकाश मिलेगा। इस मौके पर मुन्नालाल यादव, अमित मिश्रा, अजीत यादव, शकील खान आदि शिक्षक मौजूद रहे।
सभी प्रकार के अवकाश पर रोक का संघ ने किया विरोध
